औरों से हटकर सबसे मिलकर
bahubhashi.blogspot.com
30 जनवरी 2026 शुक्रवार
खबरों में बीकानेर
✒️@Mohan Thanvi
सामाजिक अधिकारिता शिविर 31 को
वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क जीवन सहायक उपकरणों का होगा वितरण
सामाजिक अधिकारिता शिविर 31 को
वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क जीवन सहायक उपकरणों का होगा वितरण
बीकानेर, 29 जनवरी। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडीप योजनांतर्गत सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ‘सामाजिक अधिकारिता शिविर’ का आयोजन 31 जनवरी को राजकीय पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में प्रातः 9 से सांय 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना, भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित योजना है। इसका उद्देश्य गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को उम्र संबंधी शारीरिक अक्षमताओं (जैसे कम दृष्टि, श्रवण हानि, दांतों की कमी, चलने में असमर्थता) के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करना है। एडीप योजना (दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण की खरीद फिटिंग हेतु सहायता) भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसमें जरूरतमंद दिव्यांगों को आधुनिक, टिकाऊ और वैज्ञानिक रूप से निर्मित सहायक उपकरण (जैसे व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग) निःशुल्क या रियायती दरों पर प्रदान करती है, जिससे उनके सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास में मदद मिल सके।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए तथा एडीप योजना के तहत दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक जीवन सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण के लिए जिले में 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक एसेसमेंट शिविर प्रत्येक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में आयोजित किए गए थे। इसमें राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत कुल 1014 वृद्धजनों एवं एडीप योजना के तहत कुल 351 दिव्यांगजनों का चिन्हिकरण किया गया। इन सभी को यह अंग और उपकरण 31 जनवरी के शिविर के दौरान दिए जाएंगे।
इस शिविर में पूर्व में चिन्हित किये गये 1014 वृद्धजनों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं 221 दिव्यांगजनों को एडीप योजना के अंतर्गत लाभांवित किया जाएगा। लाभांवितों को लगभग 1.53 करोड़ रुपए लागत के 6 हजार 588 सहायक यंत्र व उपकरण निःशुल्क वितरित किये जाएंगे। इन आधुनिक सहायक उपकरणों में 91 मोटराईज्ड ट्राईसाईकिल, 239 व्हीलचेयर, 889 वाॅकिंग स्टीक, 407 कृत्रिम दांत, 853 नजर के चश्मे, 647 श्रवण यंत्र एवं अन्य उपकरण शामिल हैं।



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...