परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित


औरों से हटकर सबसे मिलकर



bahubhashi.blogspot.com
गतिविधियां, वक्तव्य, विश्लेषण

खबरों में बीकानेर


✒️@Mohan Thanvi

परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित 
Affiliate Disclaimer : "नोट: इस पोस्ट में कुछ एफिलिएट लिंक्स शामिल हैं। अगर आप इन पर क्लिक करके कुछ खरीदते हैं, तो मुझे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के छोटा सा कमीशन मिल सकता है।" - मोहन थानवी (खबरों में बीकानेर) औरों से हटकर सबसे मिलकर

https://bahubhashi.blogspot.com




बीकानेर  18 जुलाई 2026

गौरव सेनानी एसोसिएशन, बीकाणा ने परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित 

बीकानेर। गौरव सेनानी एसोसिएशन, बीकाणा द्वारा परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत के 78वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, समाज के प्रबुद्धजनों एवं युवाओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अद्वितीय साहस एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।

मुख्य वक्ता कर्नल हेम सिंह शेखावत (सेना मेडल) ने कहा कि 18 जुलाई 1948 को जम्मू-कश्मीर के टीटवाल सेक्टर में 6 राजपूताना राइफल्स के कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को शत्रु के कब्जे वाली एक महत्वपूर्ण पहाड़ी पर अधिकार करने का दायित्व सौंपा गया था। भीषण गोलीबारी और हथगोले के हमलों के बीच उनकी टुकड़ी के अधिकांश सैनिक शहीद या घायल हो गए, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपने साथियों का मनोबल बनाए रखा और दुश्मन के मशीनगन युक्त दो बंकरों को ध्वस्त कर दिया। अंततः जब वे अकेले रह गए, तब भी अंतिम सांस तक लड़ते हुए दुश्मन के एक और ठिकाने को नष्ट कर वीरगति प्राप्त की। उनके अद्वितीय पराक्रम, अदम्य शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत किया गया।

क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि पीरू सिंह शेखावत वर्ष 1936 में झेलम स्थित पंजाब रेजीमेंट की 10वीं बटालियन में भर्ती हुए। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद वर्ष 1937 में उन्हें 5वीं बटालियन में नियुक्त किया गया। उन्होंने सैन्य सेवा के साथ शिक्षा को भी महत्व दिया तथा विभिन्न परीक्षाएँ उत्तीर्ण कर 7 अगस्त 1940 को लांस नायक के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। उत्तर-पश्चिम सीमांत क्षेत्र में अपनी सेवाओं के दौरान भी उन्होंने अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सैन्य कौशल का परिचय दिया।

सभा में सूबेदार मेजर रूपसिंह राठौड़, सूबेदार माधो सिंह, सूबेदार मेजर बलबीर सिंह, सूबेदार किसन सिंह शेखावत, नगेंद्र सिंह शेखावत, नरेंद्र सिंह आबडसर, शिवबाड़ी मंडल अध्यक्ष, पार्षद संजय गुप्ता तथा भगवान सिंह राठौड़ सहित अनेक पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अमर शहीद कंपनी हवालदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि पीरू सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और बलिदान का सर्वोच्च उदाहरण है तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

Comments