*खबरों में बीकानेर*
चुनाव : पर्दे के पीछे - इधर इन नेताओं का मिलना, उधर उनका समीकरण बिगड़ना
*मतभेद मिटने और मनमुटाव होने से समीकरण बनते ही नहीं, बिगड़ते भी हैं...!*
- मोहन थानवी
चुनावी प्रचार में गति आने के इस दूसरे दौर की शुरुआत में ही कहीं मनमुटाव हुआ लगता है तो कहीं मतभेद भी मिटते दिख रहे हैं। खबर है कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी गलबहियां डाल कर मिले। इसके चर्चे अन्य राजनीतिक दलों के लिए चिंता का सबब बनते दिख रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर मनमुटाव के चलते लूणकरणसर में पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल के चुनाव में डटे रहने से न केवल कांग्रेस में अपितु भाजपा में भी समीकरण इधर-उधर होते देख इन दलों में चिंता गहरी होती दिखाई दे रही है।
यूं लोकतंत्र को जीवंत दर्शने में चुनावों की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा सकती है। लोकतंत्र में मतभेद को अच्छा माना जाता है लेकिन मनभेद से बचने के भरसक प्रयास भी रहते हैं। चुनावी सीजन के चलते जहां एक ओर राजनीतिक दलों और नेताओं के मतभेद मिटाने के भी अवसर होते हैं तो वहीं मनमुटाव के प्रकरण भी सामने आ जाते हैं।
भाजपा और कांग्रेस के अलावा अन्य दलों में भी मतभेद व मनभेद के प्रकरण देखने में आ रहे हैं। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया के आरंभ में राजनीतिक दलों द्वारा सोचे समझे गए समीकरण बनते बनते बिगड़ते भी दिखते हैं।
इन दिनों राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के चलते राजस्थान की तमाम 200 सीटों में से करीब करीब 25% सीटों पर इसी मनमुटाव होने और मतभेद सामने आने पर समीकरणों के गढ़मढ़ होने के साथ-साथ त्रिकोणीय मुकाबला राजनीतिक दलों के सम्मुख आ खड़ा हुआ है। और ऐसी ही सीटों में से बीकानेर की श्रीकोलायत और लूणकरणसर की सीट मानी जा सकती है।
दरअसल केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और पूर्व सिंचाई मंत्री देवी सिंह भाटी के बीच लंबे समय से तीर लगभग खिंचे दिखते थे। अब इन दोनों दिग्गज नेताओं की मुलाकात ने कई मायने निकाले हैं। विरोधियों में खलबली इसलिए मची हुई है कि कहीं भाटी को मेघवाल का साथ चुनावी मंजिल तक परवाज न भरवा दे।
उधर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के हनुमान बेनीवाल ने कोलायत सीट पर पूर्व विधायक रेवन्त राम पंवार को प्रत्याशी बना मुकाबले में रंग भर दिए हैं। वोट प्रत्याशियों में बंट सकते हैं इससे लगभग जानकर इत्तफाक रखते हैं।
पर्दे के पीछे कानाफूसी है कि पावर वाले मिनिस्टर ने पंवार से भेंट कर अपने निर्णय पर पुनः विचार की बात कही मगर बात बनी नहीं...।








यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...