पहली बार 108 कुंडीय श्रीरामचरित मानस महायज्ञ एवं श्रीराम कथा 19 नवम्बर से
बीकानेर।
19 नवम्बर से 27 नवम्बर 2023 तक रामझरोखा कैलाशधाम आश्रम, श्रीसियाराम नगर गंगाशहर भीनासर गोचर भूमि सुजानदेसर में 108 कुंडीय श्रीरामचरित मानस महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह जानकारी रामझरोखा कैलाशधाम के पीठाधीश्वर सरजूदासजी महाराज ने गुरुवार को प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए दी। दावा किया कि बीकानेर ही नहीं, विश्व में पहली बार श्रीरामचरित मानस महायज्ञ होने जा रहा है। राम नाम मंत्र से आहुतियां दी जाएगी। विश्व कल्याण की भावना से पूरा आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में किसी भी राजनैतिक पार्टी के प्रत्याशी को मंच पर नहीं आने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 10 दिवसीय इस आयोजन में 19 नवंबर को पद्मविभूषित तुलसीपीठाधीश्वर जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्यजी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा सुनने का अवसर मिल रहा है।
इससे पहले 18 नवम्बर को सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी और संत नगर भ्रमण पर निकलेंगे। महिलाएं आश्रम द्वारा प्रदत्त परिधान में सिर पर कलश धारण किए प्रभु श्रीराम के जयकारों के साथ कलशयात्रा में होंगी।
संतों का आगमन होगा जिसमें लगभग 200 से अधिक पूजनीय दुर्लभ-दर्शनीय, त्यागी, तपस्वी, संत, सभी अखाड़ों से महामण्डलेश्वर, धर्माचार्य एवं नागा महात्यागी संत शामिल होंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान महंत भगवानदासजी महाराज, महंत रामेश्वरदासजी महाराज, महंत विष्णुदासजी महाराज आदि ने कार्यक्रम संबंधी पोस्टर का विमोचन किया।
जानकारी दी गई कि जिला कलक्टर भगवतीप्रसाद कलाल एवं पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण किया था।
यज्ञाचार्य पं. जुगलकिशोर ओझा के आचार्यत्व में यज्ञ, पूजन अनुष्ठान सम्पन्न होंगे।







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...