बीकानेर स्वास्थ्य विभाग : राज्यस्तर पर ये दो और संभाग स्तर पर 60 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
बीकानेर, 15 अगस्त। राज्य सरकार की 5 फ्लैगशिप योजनाओं में जिले को लगातार प्रथम 5 पायदान पर बनाए रखने तथा अधिकाधिक आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने को लेकर सीएमएचओ बीकानेर डॉ. मोहम्मद अबरार पंवार का तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में सर्वाधिक अस्पतालों को राष्ट्रीय स्तर पर सर्टिफाई करवाने के लिए डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ योगेन्द्र तनेजा का राज्य स्तर पर सम्मान हुआ है। उन्हें 77 वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जयपुर में स्वास्थ्य भवन, निदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं राजस्थान के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ रवि प्रकाश माथुर और निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ लोकेश चतुर्वेदी ने डॉ अबरार को विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया। डॉ तनेजा बीकानेर के कार्यक्रम में शामिल हुए अतः उनकी ओर से प्रशस्ति पत्र भी डॉ अबरार ने ग्रहण किया। बीकानेर स्वास्थ्य भवन में आयोजित समारोह के दौरान विभाग द्वारा डॉ अबरार और डॉ तनेजा को बधाई प्रेषित की गई। इसी प्रकार जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह में स्वास्थ्य विभाग के 7 अधिकारियों-कार्मिकों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ मनोज गुप्ता, डॉ मोहम्मद जिब्रान, सुभाष बिश्नोई, अमित कुमार वशिष्ठ, संतोष गोदारा, संतोष देवी व भरत मारू को करणी सिंह स्टेडियम मे आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला द्वारा सम्मानित किया गया।
---------------------*स्वतंत्रता दिवस पर स्वास्थ्य विभाग में आयोजित हुआ संभाग स्तरीय समारोह*
*उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 जिलों के 60 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित*
बीकानेर, 15 अगस्त। 77 वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग बीकानेर जोन द्वारा संभाग स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बीकानेर के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व नवगठित अनूपगढ़ जिले के स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। स्वास्थ्य भवन में झंडारोहण बीकानेर जोन के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. चौधरी ने आजादी की लड़ाई के दौरान प्रचलित रहे कई नारों और किस्सों पर चर्चा कर देशप्रेम भाव को प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। उन्होंने आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए सच्ची श्रद्धांजलि स्वरुप ईमानदारी से अपने हिस्से के कर्म और कर्तव्य का शत-प्रतिशत निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। उपनिदेशक डॉ राहुल हर्ष ने स्वास्थ्य विभाग में हो रहे उत्तरोत्तर विकास कार्यों का बखान किया। आरसीएचओ डॉ राजेश कुमार गुप्ता, डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ योगेन्द्र तनेजा, डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता व जेपी अरोड़ा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर निरोगी राजस्थान स्वप्न को साकर करने में विशिष्ट योगदान देने वाले 5 जिलों के 60 अधिकारीयों-कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संचालन जिला आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य ने किया। सहयोग विपुल गोस्वामी, अब्दुल हयूम व दाऊलाल ओझा का रहा।
*अंगदान की दिलाई शपथ*
समारोह के दौरान डॉ लोकेश गुप्ता ने सभी को जीवन दौरान व जीवन उपरान्त अंगदान कर किसी और को जीवन दान देने की शपथ दिलवाई। सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में विजयी रहे फूलदेसर के हार्दिक मांझू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 3 से 17 अगस्त तक राज्य सरकार द्वारा अंगदान जीवनदान महाभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए एंटी लार्वा व एंटी एडल्ट गतिविधियाँ कर मच्छर जनित बीमारियों के नियंत्रण की भी शपथ दिलाई गई।







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...