सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
महात्मा गांधी का संदेश पूरी दुनिया के लिए अनुकरणीय-भाटी
बज्जू महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित
बीकानेर, 9 अक्टूबर। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि महात्मा गांधी का दिखाया सत्य, अहिंसा का मार्ग पूरी दुनिया के लिए अनुकरणीय है, हमें अपने कर्मों में राष्ट्रपिता के जीवन दर्शन को अपनाना होगा। राष्ट्रपिता का जीवन सादगी, त्याग और समर्पण का पर्याय है। आज के समय में उनके जीवन दर्शन की प्रासंगिकता और बढ़ गई है।
महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष में बुधवार को बज्जू के राजकीय काॅलेज में आयोजित संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए भाटी ने कहा कि गांधीजी के दर्शन के प्रति लोगों की स्वीकार्यता ही है कि रक्तदान शिविर में आमजन ने स्वेच्छा से रक्तदान में रिकाॅर्ड भागीदारी की और 18000 यूनिट रक्त दान हुआ। इस अवसर पर उन्होंने बज्जू में काॅलेज के लिए आवंटित जमीन का पट्टा प्रिंसीपल बजरंग सिंह को सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 50 नए राजकीय काॅलेज खोलने की घोषणा की है। बज्जू में काॅलज खुलने से आसपास के युवाओं को फायदा मिल सकेगा। इससे बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थी सरकारी क्षेत्र में भी विभिन्न पदों पर चयनित हो कर क्षेत्र की सेवा कर सकेंगे। काॅलेज को सभी आवश्यक सुविधाएं दिलवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोलायत काॅलेज निर्माण के लिए भी 6 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। जहां जल्द ही भवन निर्माण प्रारम्भ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डा नारायण सिंह राव, समाजसेवी भागीरथ तेतरवाल ने गांधीजी के व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर कैप्टन मोहन लाल गोदारा ने कहा कि गांधीजी के दिखाए शांति के मार्ग की ओर लौटने की आज फिर जरूरत है।, कार्यक्रम में सहायक निदेशक डाॅ राकेश हर्ष, डा जी पी सिंह, हुक्माराम बिश्नोई, पूर्व प्रधान कोलायत गणपत राम,बज्जू सीआई राणीदान,सीनियर सैकेण्डरी स्कूल प्रधानाचार्य पाना मीना ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन निर्मल कुमार रांकावत ने किया।
इससे पूर्व भाटी ने गोविन्दसर में माध्यमिक विद्यालय में भामाशाहों द्वारा उपलब्ध कराया फर्नीचर स्कूल प्रशासन को भेंट किया। उन्होंने कहा कि सरकार के बनने के बाद यह पहला उच्च प्राथमिक विद्यालय है जो माध्यमिक विद्यालय के रूप में मार्च 2019 में क्रमोन्नत हुआ। गोविन्दसर के निवासियों ने भाटी का सार्वजनिक अभिनन्दन किया और शाला क्रमोन्नत करवाने के लिए आभार व्यक्त किया। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने विधायक कोटे से 100 कुर्सी टेबल स्कूल को देने की घोषणा की। उन्होंने भामाशाहों से शिक्षा के लिए संसाधन बढ़ाने में योगदान देते रहने की अपील की। उन्होंने गोविन्दसर में पेयजल, सड़क, ए.एन.एम. आदि के लिए सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भामाशाहों का सम्मान किया गया। भामाशाह हनुमान सिंह भाटी, मूलाराम, रूपाराम, बिश्नाराम, नारायण, ओम आदि ने विद्युत उपकरण तथा विद्यार्थियों के बैठने के लिए बैंच भेंट की। भामाशाह दीपाराम ने स्कूल को 28 फर्नीचर भेंट किए। कार्यक्रम में कोलायत के सरपंच देवीसिंह भाटी, खारी के पूर्व सरंपच मोहनदान चारण, टी.सी.कुमावत, अमोलखराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्राचार्य फूलचन्द मीणा ने आभार व्यक्त किया।
----
सतर्कता समिति की बैठक व जनसुनवाई गुरूवार को
बीकानेर, 9 अक्टूबर। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम की अध्यक्षता में गुरूवार को सुबह 10 बजे राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात जनसुनवाई आयोजित होगी।
-----
आॅनलाइन आवेदन हेतु आयोजित होंगे शिविर
बीकानेर, 9 अक्टूबर। अनुसूचित जाति, जनजाति, सफाई कर्मचारी, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं विशेष योग्यजन वर्ग के व्यक्तियों के ऋण आवेदन पत्र आॅनलाइन भरवाने के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संदर्भ में 11 अक्टूबर को सामुदायिक भवन भीमनगर रामपुरा बस्ती में तथा 14 अक्टूबर को सामुदायिक भवन फतीपुरा मेघवालों का मोहल्ला, भुट्टों का बास में प्रातः11.30 बजे से आयोजित किया जाएगा।
📒 📰 📑 पढ़ना और पढ़ाना जीवन सफल बनाना 📚 📖 📓







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...