🙏
मतदाता सूची की आनलाइन जांच कर स्वयं कर सकते हैं सूचनाओं का सत्यापन-गौतम
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
twitter, Podcast, YouTube, साहित्य-सभागार के साथ-साथ Facebook, Pinterest, LinkedIn और Instagram पर भी आपकी खबरें Khabron Me Bikaner 🎤
🇮🇳
सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
🙏
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐 ✍️
मतदाता सूची की आनलाइन जांच कर स्वयं कर सकते हैं सूचनाओं का सत्यापन-गौतम
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
बीकानेर, 9 सितम्बर। जिले में चल रहे वोटर वेरिफिकेशन कार्यक्रम के तहत जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने जिले के सभी मतदाताओं से अपने डाटा की स्वयं भी जांच कर सत्यापन करने की अपील की है।
गौतम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत समस्त मतदाता सूचियां आॅनलाइन उपलब्ध है। प्रत्येक मतदाता इन सूचियों का आॅनलाइन निरीक्षण कर स्वयं से जुड़े डाटा की जांच कर सकते हैं और यदि सूची में उनके नाम, पते, उम्र या अन्य किसी भी प्रकार की सूचना में त्रुटि पाई जाती है तो वे इस त्रुटि को सही करवाने के लिए सही जानकारी के साथ आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी सरकारी विभागों में अधिकारियों को स्वयं के नाम तथा अपने कर्मचारियों को इस कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में स्वयं का नाम सत्यापित करवाने के लिए निर्देश दिए।
मोहर्रम के दौरान पुख्ता हो व्यवस्था
जिला कलक्टर गौतम ने कहा कि मंगलवार को मोहर्रम के अवसर पर ताजिए निकलने से पहले बीकेइएसएल तथा बिजली विभाग समन्वय कर शहर में इस रूट पर लटके ढीले तार कसवाते हुए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें। ताजिए निकलने वाले रूट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो। साथ ही इस दौरान लोगों को पाबंद करें कि वे अपने घरेलू पशुओं को खुला ना छोड़ें। कुमार पाल गौतम ने कहा कि नगर विकास न्यास स्काडा तकनीक का प्रयोग कर देंखें कि शहर का कितना प्रतिशत क्षेत्र अंधेरे में है। यूआईटी तथा निगम अपने-अपने क्षेत्र में राउण्ड लें और जो भी सार्वजनिक लाइटें बंद पड़ी है उन्हें तुरंत प्रभाव से चालू करवाएं।
झांकिया प्रदर्शित करवाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष के लिए 11 से 13 सितम्बर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांधी संदेश यात्रा में अधिकाधिक विद्यार्थियों के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हों तथा यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व साफ-सफाई, पेयजल आदि सभी की पुख्ता व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए। काॅलेज व विश्वविद्यालयों की ओर से भी झांकिया तैयार करवा संदेश यात्रा के दौरान प्रदर्शित की जाए। बैठक में जिला स्तरीय समिति के संयोजक संजय आचार्य ने बताया कि यात्रा के दौरान गांधीजी के जीवन दर्शन से जुड़े साहित्य का वितरण किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान शहर के सभी ऐतिहासिक द्वारों पर रोशनी करवाने की बात कही।
सम्पर्क के लम्बित प्रकरण हो निस्तारित
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग अपने यहां सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करें, जो 6 माह से अधिक पुराने हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 224 ऐसे प्रकरण बकाया हैं जो 6 माह से अधिक पुराने हैं। सभी अधिकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को निस्तारण करें और सुनवाई का अधिकार अधिनियम तथा लोक सेवाओं को प्रदान करने की गारंटी अधिनियम के तहत सभी प्रावधानों की अनुपालना सुनिश्चित करवाएं।
जिला कलक्टर ने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत श्रमिकों की संख्या नहीं बढ़ाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि योजना के तहत जिन-जिन ग्राम पंचायतों में श्रमिकों की संख्या नहीं बढ़ रही है वहां जेटीए का वेतन काटने की कार्यवाही करें। पीएमएवाई के तहत मनरेगा श्रमिकों की संख्या बढ़ाएं तथा जल शक्ति अभियान के सभी कार्य प्रारम्भ करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल लक्षित आवासों में केवल 1730 आवासों की ही तीसरी किश्त जारी की गई है, यह पर्याप्त नहीं है, योजना की प्रगति को बढ़ाते हुए प्रयास हो कि शीघ्र ही सभी आवासों में तीसरी किश्त जारी हो। जिला कलक्टर ने कहा कि सांसद व विधायक निधि में जो कार्य चालू नहीं किए गए हैं वे शीघ्र चालू हों। जिला कलक्टर ने जल शक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों के जियो टेगिंग करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति अभियान के प्रभारी अधिकारी को बीडीओ से नियमित बातचीत कर अभियान के प्रथम चरण की समय सीमा से पहले सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस सम्बंध में अभियंता अपने अधीनस्थ अभियंताओं के साथ वीसी कर निर्देशित करें।
श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सक का किया स्थानांतरण, जांच के लिए कमेटी
जिला कलक्टर द्वारा श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में सहायक कर्मचारी द्वारा पैसे लिए जाने के प्रकरण की समीक्षा की। इस सम्बंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सम्बंधित चिकित्सक का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है। इस कमेटी में बीसीएमओ तथा डीपीएम जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देंगे।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले के सभी अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी आदि में मरीजों से पैसे लेने जैसी कोई घटना न हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी ब्लाॅक सीएमओ फील्ड में निरीक्षण करें और इस दौरान उस स्थान के साथ मसेल्फी लेकर ग्रुप में फोटो शेयर करें। उन्होंने कहा कि मलेरिया नियंत्रण के लिए विभाग मुस्तैद रह कर कार्य करें और निगम से फोगिंग मशीन लेकर फोगिंग का शेडयूल इस प्रकार बनाएं कि हर वार्ड में एक सप्ताह बाद फिर से छिड़काव किया जाए। गांवों में भी मलेरिया नियंत्रण के लिए टीम तैनात रहे और प्रचार -प्रसार गतिविधियां भी आयोजित की जाए। जिला कलक्टर गौतम ने कहा कि पीडब्ल्यूडी शहर में गुणवत्ता युक्त पेचवर्क का कार्य के लिए कार्य योजना बनाएं और शीघ्र कार्य प्रारम्भ करें।यूआईटी और नगर निगम से समन्वय कर कार्य किया जाए। सड़कों के डिवाइडर पर जहां भी खरपतवार, झाड़-झखांड आदि उगे है उनके सफाई का कार्य सुनिश्चित करवाया जाए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि सौभाग्य योजना के तहत बकाया विद्युत कनेक्शन निर्धारित समय सीमा में दिए जाना सुनिश्चित करें, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से दी जाए।
खाजूवाला के झज्झेवाला में भेड़ मरने के सम्बंध में जांच करवाने के लिए निर्देश देते हुए गौतम ने कहा कि क्षेत्र में पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेंजे और बीमार भेड़ों की इलाज की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्टर ने महाजन, बीकमपुर, गज्जेवाला सहित आसपास के क्षेत्रों में टिड्डी के नियंत्रण के लिए अतिरिक्त टीमें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीकानेर शहर में टाइफाइड के रोगियों के मामले बढ़ रहे हैं इसे देखते हुए पीएचईडी पानी के अतिरिक्त सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाएं, साथ ही सीवरेज निर्माण व अन्य कारणों से यदि कहीं पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत आती है तो क्विक एक्शन लेकर लाइन ठीक करने की कार्यवाही की जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ए एच गौरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर शैलेन्द्र देवड़ा, जिला स्तरीय समिति के संयोजक संजय आचार्य सहित अन्य विभागों के सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।
🙏






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...