*खबरों में बीकानेर*
बाजार की सड़क के बीच विक्रेताओं की बाड़..., एकतरफा पैदल...!
दीपावली पर हर वर्ष की तरह इस बार भी बीकानेर के प्रमुख बाजारों में यातायात और आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है। व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं बल्कि पहले से बेहतर ही दिखाई देती है। लेकिन न जाने कैसे एक बड़ी परेशानी खड़ी करने वाली कमी खरीददारों को परेशान कर रही है। दरअसल सड़क के बीच विक्रेताओं की एक लंबी दीवार सी बना दी गई है। पैदल लोगों के लिए भी यह एकतफा पैदल चलवाने की व्यवस्था है !
बताया यह जा रहा है कि इन विक्रेताओं को वहां बैठने के लिए निगम की ओर से स्थान उपलब्ध करवाया गया है। लेकिन आम आदमी बाजार में जाने पर इस व्यवस्था से हो रही कठिनाई को झेलते हुए यही कह रहा है कि पुलिस वालों ने भी यह कैसा इंतजाम किया है। और ऐसा एक जगह नहीं बल्कि राजीव गांधी मार्ग के मुहाने से सांखला फाटक, वहां से फड़ बाजार चौराहा, फिर चौराहे से प्रेमजी प्वाइंट और वहां से सिंह सर्किल की ओर हनुमान जी के मंदिर वाले मोड़ के आसपास तक बाजार में सड़क के एक ओर से दूसरी ओर केवल तिराहे, चौराहे और सांखला फाटक पर से ही आने जाने का कुछ फीट का रास्ता छोड़ा गया है। हां, कोटगेट सट्टा बाजार - सांखला फाटक के बीच पुलिस प्वाइंट पर चढ़कर से लोग इधर से उधर आ जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह बेहतर रहता की तय दूरी के बाद पैदल लोगों को भी इधर से उधर आने जाने के लिए दो विक्रेताओं के बैठने जितनी जगह छोड़ दी जाती।
अब ऐसी लंबी विक्रेताओं की दीवार के कारण बच्चों महिलाओं और वरिष्ठजनों को किस तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है, वह शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।
आम लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर ध्यान देना ही चाहिए। निगम और पुलिस विभाग पहले से ही लोगों को होने वाली ऐसी कठिनाई को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बनाए तो बेहतर रहे।








यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...