
चुनाव : पर्दे के पीछे - भाजपा-कांग्रेस की मशक्कत उन सीटों के लिए जो हार-जीत का चक्रव्यूह तोड़ें
- मोहन थानवी
इस चुनावी मौसम में भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के बड़े चेहरों के दौरों से अब आमजन में चुनावी चर्चाएं गर्म रही है। एक ओर चर्चा का केंद्र राजस्थान की 20 के करीब ऐसी सीटें हैं जहां बीते चुनाव में हार जीत का अंतर 1000 मतों के भीतर भीतर रहा था। दूसरी ओर करीब-करीब 20-22 ऐसी सीटों के बारे में भी चर्चाएं हैं जहां भाजपा और कांग्रेस के बागी उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में डटे हुए हैं। आमजन राजनीतिक दलों की स्थिति पर तो चर्चा करता दिख ही जाता है। माना जा रहा है कि ऐसी ही 40-42 यह सीटें हार जीत के चक्रव्यूह को तोड़कर किसी एक राजनीतिक दल को सत्ता की कुर्सी पर विराजमान करवाएंगी। लोग साथ-साथ वाहनों पर बैनर और पोस्टर ना लगे होने और लोकल नेताओं के सोशल मीडिया पर प्रखरता से वोकल न होने पर भी हैरत प्रकट कर रहे हैं।
आज सोमवार 20 नवंबर 2023 को पश्चिमी राजस्थान अंचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा और रोड शो का आयोजन होने के बावजूद दौड़ रही राजनीतिक गाड़ियों पर पारंपरिक चुनावी माहौल की तरह पोस्टर बैनर नजर नहीं आ रहे। और ना ही प्रिंट, इलैक्ट्रानिक और सोशल मीडिया पर वांछित रंग-बिरंगे विज्ञापनों की छवियां दिखाई दे रही है। स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों को सोशल मीडिया के अधिकांश माध्यमों पर उतनी प्राथमिकता नहीं मिल पा रही जितनी की बीते चुनावों तक वह हासिल करते रहे हैं। लोग इस पर भी बातें बना रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि सबकुछ संतुलित दिखता है।
हां, पीएम मोदी के आदमकद कट आउट उनके रोड शो के तय रूट और जनसभा स्थलों पर जरूर चमकते दिखे। इक्का दुक्का जगह संबंधित क्षेत्रों के प्रत्याशियों के बैनर भी नजर आए। दूसरी ओर कांग्रेस की चुनावी सभाओं या रैलियों में राहुल गांधी और सीएम अशोक गहलोत के कट आउट चमक रहे हैं।
दरअसल राजनीतिक गतिविधियों को लेकर राष्ट्रीय स्तर के मीडिया माध्यमों में तो राजनीतिक दलों के आला कमान और वरिष्ठ नेताओं के भाषण वक्तव्य और आरोप प्रत्यारोप हैडलाइंस बने हुए हैं ही। स्थानीय अखबारों और सोशल मीडिया पर भी ऐसे चमकते बड़े चेहरों को ही स्थान मिल रहा है। ऐसा कतई नहीं है कि आपके शहर जिले के सक्रिय नेता गतिविधियां नहीं कर रहे। बल्कि वह तो दिन-रात एक किए हुए हैं अपने-अपने दल के प्रत्याशी को जिताने के लिए। प्रत्याशी भी जनसंपर्क में जुटे हुए हैं।






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...