सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
मोठ को न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करें - बिश्नोई
नोखा । नोखा विधायक एवं जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात श्री बिहारीलाल बिश्नोई ने आज दिल्ली में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर से मुलाकात कर राजस्थान राज्य के पश्चिमी भू-भाग की मुख्य दलहन पैदावार मोठ को न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करने की मांग की । श्री बिश्नोई ने मांग करते हुए कहा कि राजस्थान राज्य के पश्चिमी जिलों बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर एवं जोधपुर में दलहन श्रेणी की फसल मोठ का उत्पादन प्रमुख रूप से होता है । हमारे देश में मोठ के उत्पादन का क्षेत्र बहुत सीमित है, किन्तु इसकी खेती करने वाले किसानों को मोठ का वाजिब दाम नहीं मिलने से शनैः शनैः इस फसल से कृषकों का मोह भंग होता जा रहा है ।
श्री बिश्नोई ने कहा कि मोठ दलहन वर्ग की वह फसल है, जिस पर दुनिया का भुजिया उद्योग टिका है । विश्वप्रसिद्ध बीकानेरी भुजिया, पापड़ और बड़ी का लजीज स्वाद मोठ के कारण ही है, किन्तु भारत सरकार द्वारा अभी तक इसे न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करने हेतु अधिसूचित नहीं किया गया है, जिससे किसानों को मोठ की वाजिब कीमत नहीं मिल पा रही है और इससे मोठ-उत्पादक किसानों की माली हालत दिनोदिन खराब होती जा रही है ।
श्री बिश्नोई ने केन्द्रीय मंत्री से मांग करते हुए कहा कि मोठ की फसल का मूंग के समतुल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करवाये, ताकि पश्चिमी-राजस्थान की मुख्य दलहनी पैदावार मोठ का सही दाम निर्धारित हों और इसके उत्पादक-कृषकों का जीवन-स्तर बदलने में मदद मिल सकें ।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात सहीराम दुसाद उपस्थित रहे ।
मूंगफली खरीद में आ रही बाधाओं को तुरन्त दूर करें - विधायक बिश्नोई
नोखा । नोखा विधायक एवं जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात श्री बिहारीलाल बिश्नोई ने आज दिल्ली में केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चोधरी से मुलाकात कर बीकानेर संभाग में मूंगफली खरीद में आ रही बाधाओं के निराकरण की मांग की । इस अवसर पर श्री बिश्नोई ने कहा कि संपूर्ण क्षेत्र में मूंगफली के हार्वेस्टिंग सीजन में बरसात होने के कारण मूंगफली के ऊपरी छिलके का रंग काला पड़ गया है, जबकि अन्दर दाने की गुणवता पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन नैफेड द्वारा मूंगफली खरीद हेतु जारी FAQ मापदण्डों में ऊपरी छिलके के रंग के बारे में कुछ स्पष्टया उल्लेखित नहीं है, इस कारण छिलके के काले रंग मात्र की वजह से खरीद केन्द्रों पर किसानो से खरीदी गयी मूंगफली जमा नहीं की जा रही है ।
श्री बिश्नोई ने कहा कि 7 नवम्बर से 90 दिन के लिए घोषित खरीद अवधि का आधा समय बीतने को है तथा अकेले बीकानेर जिले में 45000 से अधिक किसानों की तुलवाई होना बाकी है, यदि नैफेड द्वारा मूंगफली के काले रंग के छिलके के संबंध में स्पष्ट लिखित दिशा निर्देश तत्काल जारी नहीं हुए तो बड़ी संख्या में किसानों की जिन्स (मूंगफली) की तुलवाई नहीं हो सकेगी ।
श्री बिश्नोई ने मांग करते हुए कहा कि तत्काल प्रबंध निदेशक नैफेड को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने हेतु निर्देशित करें ताकि वंचित किसानों की मूंगफली की तुलाई हो सके ।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर शहर सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, पूर्व विधायक भैराराम सैयोल, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात सहीराम दुसाद, सुरेन्द्रसिंह शेखावत, भंवरलाल जांगीड़, कैलाश जाजड़ा किसान संघ जिलाध्यक्ष, तुलछाराम सींवर प्रान्त प्रचारक जोधपुर किसान संघ, मदनलाल स्वामी, शिम्भुसिंह सहित उपस्थित रहे ।
📒 📰 📑 पढ़ना और पढ़ाना जीवन सफल बनाना 📚 📖 📓






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...