🙏
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
twitter, Podcast, YouTube, साहित्य-सभागार के साथ-साथ Facebook, Pinterest, LinkedIn और Instagram पर भी आपकी खबरें Khabron Me Bikaner 🎤
🇮🇳
सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
🙏
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐 ✍️
20 सूत्री कार्यक्रम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में-डाॅ कल्ला
अधिकारी इच्छा शक्ति बढ़ाकर करें कार्य
जिला प्रभारी मंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री के साथ ली जिलास्तरीय समीक्षा बैठक
अधिकारी इच्छा शक्ति बढ़ाकर करें कार्य
जिला प्रभारी मंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री के साथ ली जिलास्तरीय समीक्षा बैठक
बीकानेर, 11 सितम्बर। ऊर्जा, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ बी डी कल्ला ने कहा कि 20 सूत्री कार्यक्रम की सफल क्रियान्वति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। इस कार्यक्रम के तहत गरीब व जरूरतमंद लोगों को लाभ देने के लिए सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से लक्ष्य प्राप्त कर आमजन को राहत दें।
डाॅ कल्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रभारी मंत्री सालेह मोहम्मद व उच्च शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भंवरसिंह भाटी के साथ जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन को राहत देने के लिए कार्य करने की इच्छा शक्ति बढ़ाएं और कार्य में तेजी लाएं। हर घर को जल देने के कार्य को 20 सूत्री कार्यक्रम में प्राथमिकता से लें।
डिग्गियों की सफाई के निर्देश
डाॅ कल्ला ने कहा कि जिले में समस्त डिग्गियों की सफाई के लिए एक कार्य योजना बनाकर जितने भी संसाधन उपलब्ध हैं उनका समुचित और समन्वित प्रयोग करते हुए इन डिग्गियों की सफाई करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में सांसद, विधायक निधि, बीएडीपी मनरेगा आदि विभिन्न योजनाओं के संसाधनों का इस्तेमाल कर यह सुनिश्चित करें कि जिले के दूरदराज के क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो। जहां भी शुद्ध पेयजल के लिए आरओ लगवाए जा सकते हैं वहां आरओ स्थापित करवाएं।
आउटडोर में बैठें सीनियर डाॅक्टर, नहीं तो कार्यवाही
डाॅ कल्ला ने कहा कि सभी वरिष्ठ चिकित्सक आउटडोर में मरीजों के लिए उपलब्ध रहें। आउटडोर में वरिष्ठ चिकित्सकों की अनुपलब्धता को लेकर बडे़ स्तर पर शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि जो वरिष्ठ चिकित्सक आउटडोर में आम मरीजों के लिए उपलब्ध नहीं हो, उसके खिलाफ कार्यवाही करें। इस सम्बंध में प्रिंसीपल मेडिकल काॅलेज नियमित माॅनिटरिंग करें। उन्होंने अस्पताल में सफाई व्यवस्था इम्प्रूव करने के निर्देश देते हुए कहा कि टाॅयलट, सीवरेज आदि व्यवस्थाओं में जहां भी कमियां हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से सुधारें। आॅपरेशन थियेटर से निकलने वाले कचरे के निस्तारण के लिए जल्द व्यवस्था प्रारम्भ की जाए। एमआरआई, एंजियोग्राफी सहित समस्त जांचों के लिए व्यवस्थाएं दुरूस्त हो, मरीजों को परेशान न होना पड़े यह सुनिश्चित किया जाए। हल्दीराम सेंटर में सर्जन की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने निर्देश दिए कि शीघ्र ही सर्जन की व्यवस्था कर यूनिट को पूर्ण करें। अस्पताल की जिन यूनिट में अच्छे सर्जन की सुविधा नहीं हैं उनमें बाहर से सर्जन बुलवाएं जाएं ताकि लोगों को बीकानेर में अच्छे से अच्छा इलाज मिल सके। अस्पताल के सर्जन साधारण सर्जरी के मामलों में बिना वजह के रैफर न करें। बैठक में सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज पिं्रसीपल ने अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने रखने के लिए रिक्त पद पर स्टाॅफ लगाने की बात कही।
अक्टूबर तक दें सौभाग्य में कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौभाग्य योजना में अक्टूबर माह तक ढाणियों के विद्युतीकरण के जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उनमें कनेक्शन कर दिए जाएं तथा जो कृषि कनेक्शन लम्बित हैं उन्हें भी प्राथमिकता से निपटाएं। डाॅ कल्ला ने कहा कि काम पूर्ण होने के बाद विभाग द्वारा यूसी भिजवाने में लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं, अधिकारी काम पूर्ण होते ही प्राथमिकता से यूसी भिजवाएं।
जिला प्रभारी मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि 20 सूत्री कार्यक्रम के लक्ष्य पूर्ण करने की दिशा में अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। विभाग सारगर्भित प्रयास करते हुए पानी, बिजली, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और वंचित व्यक्ति को मिले यह सुनिश्चित करने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी पात्र तक पहुंचाने के लिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार हो। सड़क पेचवर्क के लिए जो बजट स्वीकृत किया गया है उससे आमजन की आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाएं ताकि लोगों को आवागमन में पेरशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिले में संचालित छात्रावासों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी आवासित विद्यार्थियों को भोजन, रहने आदि की व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईसीडीएस विभाग यह सुनिश्चित करें कि पोषाहार गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं हो।
मिले दवा, जांच, मरीजों को न हो पेरशानी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में जो भी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध हैं वे दूर दराज से आने वाले मरीजों को सही प्रकार से मिले यह सुनिश्चित किया जाए। सभी आवश्यक दवाइयां, जांचे जिला अस्पताल व अन्य सभी पीएचसी, सीएचसी पर उपलब्ध रहे यह भी सुनिश्चित किया जाए। विभाग के उच्च अधिकारी नियमित माॅनिटरिंग करें और यदि कहीं लापरवाही मिलती है तो तुरंत प्रभाव से सम्बंधित के विरूद्ध कार्यवाही करें। प्रभारी मंत्री ने जिले में टिड्डी के प्रकोप व नियंत्रण के लिए की जा रही कार्यवाही की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कृषि विभाग की टीम अतिरिक्त सतर्कता व प्रयास कर टिड्डी पर नियंत्रण करें ताकि जिले में इनसे होने वाले नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत प्रयास हो कि दूर-दराज की ढाणियों में रहने वाले अधिकाधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हो। कोलायत क्षेत्र में ढाणियों में विद्युत कनेक्शन के बकाया प्रकरणों में समय पर निस्तारित कर लोगों राहत दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के समय गुणवता में कोई समझौता न हो। पहले से मौजूद सड़कों को चैड़ा करने, सार्वजनिक सुविधाओं जैसे स्कूल, पीएचसी, सीएचसी को मुख्य सड़क के जोड़ने के कार्य के प्रस्ताव राज्य सरकार स्तर पर भिजवाएं।
जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने विभिन्न योजनाओं के तहत जिले में हुई प्रगति की जानकारी दी और बताया कि जिले में पेचवर्क के लिए 7.50 करोड़ रूपए स्वीकृत हुए हैं जिनसे 15 अक्टूबर तक कार्य करवाया जाएगा। जिले में पेयजल, बिजली आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध करवाई जा रही है तथा मलेरिया, डेगूं आदि की रोकथाम के लिए भी स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग एंटी लार्वा गतिविधियां आयोजित कर रहा हैं। उन्होंने बताया कि सुपरस्पेशलिस्ट विंग को जल्द प्रारम्भ करने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। बैठक में जिला प्रमुख सुशीला सींवर, पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा, प्रशिक्षु आईएएस अभिषेक सुराणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ए एच गौरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
🙏






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...