✍️
राजस्थान में बड़ी कार्यवाही : 15 सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार
पेपरलीक प्रकरण
जयपुर ।
पेपर लीक प्रकरण को लेकर राजस्थान में बड़ी कार्यवाही की गई है। पेपर लीक प्रकरण के एक के बाद एक खुलते जा रहे जाल से निकलते सूत्रों को पकड़ते हुए इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। प्रदेश में प्रशिक्षण ले रहे कुल 15 सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक एसआई भर्ती 2021 भी अब संदेह के घेरे में आ गई है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम सोमवार सुबह राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) पहुंची। टीम ने वहां ट्रेनिंग ले रहे 12 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को पकड़ा। साथ ही एक एसआई को किशनगढ़ ट्रेनिंग सेंटर तो एक-एक को भीनमाल और गुढ़ामलानी से हिरासत में लिया। 15 एसआई को टीमें जयपुर एसओजी मुख्यालय में लेकर आई है। अब पूछताछ की जा रही है। जानकारी मिली है कि इनमें इस बैच का टॉपर भी शामिल हैं। एसओजी को 29 फरवरी को गिरफ्तार जेईएन भर्ती पेपर लीक के मास्टरमाइंड जगदीश विश्नोई (41) से हुई पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। उसी के आधार पर एसओजी ने ये कार्रवाई की। जगदीश ने एसआई भर्ती 2021 में भी तमाम कैडिडेट्स को पेपर उपलब्ध कराए थे। आरपीए में ट्रेनिंग कर रहे 25 सब- इंस्पेक्टर (एसआई) संदिग्ध पाए गए। उनके दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। जांच एजेंसी का मानना है कि पेपर लीक कर या डमी कैडिडेट बैठाकर ऐसे कैंडिडेट परीक्षा में पास हुए थे। सुबह 11 बजे आरपीए डायरेक्टर से परमिशन के बाद एसओजी की टीम आरपीए ट्रेनिंग सेंटर पहुंची थी।
डमी कैंडिडेट बिठाकर 1402 रैंक हासिल की थी
एसओजी-एटीएस चीफ वीके सिंह ने बताया 2 फरवरी को डालूराम को आरपीए से गिरफ्तार किया गया था। जलूराम ने एसआई भर्ती-2021 परीक्षा में अपनी जगह हरचंद उर्फ हरीश को बैठाया था। पुलिस ने हरचंद को सांचौर से गिरफ्तार किया था। बलूराम से हुई पूछताछ में कई अहम जानकारी सामने आई है। बाद में डालूराम फिजिकल में पास हो गया था। आरपीए में ट्रेनिंग ले रहा था। डालूराम से मिले इनपुट के आधार पर एक्शन शुरू हो चुका है। इससे ट्रेनिंग कर रहे तमाम कैडिडेट परेशानी में आएंगे। एसओजी की टीम संदिग्धों से पूछताछ करने आरपीए पहुंच गई। कुल 13 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस मुख्यालय को भी इस विषय को लेकर अवगत कराया गया है। आने वाले दो दिन में एसओजी इस विषय पर बड़ा खुलासा करेगी।
फर्जीवाड़ा कर पास हुए 25 कैडिडेट
गिरफ्तारी के बाद डालूराम से हुई पूछताछ में सामने आया है कि आरपीए में ट्रेनिंग ले रहे 670 ट्रेनी (प्रशिक्षु) एसआई में से करीब 25 फर्जी तरीके से परीक्षा में पास हुए हैं। डालूराम और पेपर लीक के मास्टरमाइंड जगदीश विश्नोई से मिले इनपुट के बाद एसओजी हरकत में आई है।
विदेश भाग चुके मास्टर माइंड के लुकआउट नोटिस होंगे जारी
एसओजी से मिली जानकारी के अनुसार, मौजूदा समय में पेपर लीक से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े आरोपियों ने देश छोड़ कर नेपाल का रुख कर लिया है। एसओजी ने इन बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस मुख्यालय को सूची दी है। ये ऐसे बदमाश हैं, जो जेल जाने से बचने के लिए विदेश भाग गए हैं। इन लोगों का लुकआउट नोटिस भी जारी कराने की तैयारी हो रही है।







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...