*खबरों में बीकानेर*
चुनाव : पर्दे के पीछे - राजस्थान में दिखेगा मतदान प्रतिशत का असर ! आमजन समझ रहा फेक और पेड न्यूज का फर्क !
-मोहन थानवी
लूणकरणसर विधानसभा सीट से कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी के पर्चा दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री द्वारा भी निर्दलीय और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई तो अखबारों के कार्यालय में लोगों ने फोन करके इसकी सत्यता भी जाननी चाही। यह लोगों में पेड न्यूज और फेक न्यूज़ के प्रति जागरूकता का एक प्रमाण कहा जा सकता है।
भाजपा के पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी के पर्चा दाखिल करने के संबंध में भी करीब करीब ऐसा ही अनुभव हुआ था। यूं मतदान के प्रति भी लोग जागरुक हो रहे हैं और आमजन की चर्चा के केंद्र में अब मतदान प्रतिशत का विषय शामिल हो चुका है। ऐसा आज महसूस हुआ। दरअसल छत्तीसगढ़ में 70% से अधिक के मतदान की खबरों को सुन आमजन चर्चा में राजस्थान को रखकर यहां की हवा समझने-समझाने में लगा है।
हालांकि राजस्थान में अभी चुनावी मैदान में कौन-कौन टिका रहेगा यह 9 नवंबर की शाम तक स्पष्ट होगा। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों के इश्तिहार और उनके प्रचार पर भी निर्वाचन आयोग के साथ-साथ आम जन की नजर है। लोगों का कहना है राजस्थान में भी छत्तीसगढ़ की तरह कांग्रेस की सरकार है और यहां भी मतदान बीते विधानसभा चुनाव के मतदान की प्रतिशत से अधिक दर्ज होगा।
परिणाम किसी के भी पक्ष में रहे, मतदाता का रुझान अभी जानना लगभग नामुमकिन है। लेकिन प्रचार और मीडिया में खबरों की मौजूदगी के प्रतिशत में बीते चुनावों की तुलना में काफी अंतर दिखाई दे रहा है। आमजन फेक न्यूज़ और पेड न्यूज को भी जान और समझ चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल होती कुछ खबरों को विश्वसनीय ना मानते हुए जागरूक पाठक सत्यता जानने का भी प्रयास करने लगे हैं।







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...