पल्लू : विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
कोलायत : दो उप्रावि क्रमोन्नत
प्रत्येक विधानसभा में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुए- ऊर्जा मंत्री
बीकानेर /हनुमानगढ़, 12 अगस्त। बीकानेर के कोलायत क्षेत्र में दो स्कूल क्रमोन्नत हुए हैं। इसके अलावा हनुमानगढ़ जिले में ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और कुछ विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं।
पल्लू समारोह में ऊर्जा मंत्री भाटी और राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्री डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष रामेश्वर डूडी पहुंचे । नोहर विधायक अमित चाचाण ने उनका स्वागत किया ।
विधायक चाचाण ने कहा कि 70 साल बाद पल्लू क्षेत्र में एक साथ इतने विकास कार्य हो रहे है। क्षेत्र के ग्रामीण अब पांच 33 केवी जीएसएस, राजकीय महाविद्यालय जैसी सौगातें पाकर राहत महसूस कर रहे है।
इस मौके पर राज्य मंत्री पवन गोदारा, राजेंद्र चाचाण, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, पंचायत समिति प्रधान सोहन ढिल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
पल्लू में स्वीकृत हुए राजकीय महाविद्यालय के भवन का शिलान्यास, अस्थाई भवन में राजकीय महाविद्यालय पल्लू का शुभारंभ, बिसरासर, न्योलखी, उदासर छोटा, धनियासर और निमला में स्वीकृत नवीन 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया गया ।
शिलान्यास के अतिरिक्त रतनादेसर दुधली और कुलचासर में 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण, सहायक अभियंता कार्यालय पल्लू तथा सहायक अभियंता नोहर के भवन का लोकार्पण भी किया गया। विकास कार्यों के लिए भूमिदान करने वाले भामाशाहों को दोनों मंत्रियों ने सम्मानित किया।
दूसरी ओर
ऊर्जा मंत्री भाटी की अनुशंसा पर कोलायत विधानसभा क्षेत्र की दो उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया है।
ऊर्जा मंत्री भाटी ने बताया कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खारिया मल्लिनाथ की उच्च प्राथमिक विद्यालय और ग्राम पंचायत रावनेरी की उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया है। इन विद्यालयों को सत्र 2023-24 से प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वीकृति के वर्ष कक्षा 9 व 10 को एक साथ प्रारंभ किया जाएगा और आगामी सत्र में क्रमशः कक्षा 11 एवं 12 प्रारंभ की जा सकेगी।






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...