संभागीय आयुक्त ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
bahubhashi.blogspot.com
12 जून 2025 गुरूवार
खबरों में बीकानेर
@Mohan Thanvi
संभागीय आयुक्त ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
आरएमआरएस की बैठक आयोजित
बीकानेर, 12 जून। संभागीय आयुक्त डॉ.रवि कुमार सुरपुर ने गुरुवार को एसडीएम राजकीय अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल की आरएमआरएस बैठक ली और सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज
प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी एवं अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिशा निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने अस्पताल के आउटडोर, आपातकालीन और इनडोर वार्ड के साथ हीटवेव वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया तथा साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण और हीटवेव के मद्देनजर और बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए।
अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने जिला अस्पताल द्वारा दी जा रही विभिन्न चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। अस्पताल में किए जा रहे नवाचारों के बारे में बताया। संभागीय आयुक्त ने कार्यों की प्रगति समीक्षा की। अस्पताल में एएनसी की तुलना में कम प्रसवों की संख्या पर चिंता जताई। प्रसव संख्या बढ़ाने तथा पीबीएम अस्पताल के प्रसवभार कम करने के लिए प्राचार्य को आवश्यक चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी, डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी, डॉ. घनश्याम, डॉ. प्रवीण, लेखाकार श्री दुष्यंत छींपा, पीडब्ल्यूडी से श्री शैलेष पाठक, श्री विनोद तंवर, आरएसआरडीसी से श्रीमती शिल्पा कछवाहा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*आरएमआरएस बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय*
बैठक के दौरान पूर्व में आयोजित बैठक की पालना रिपोर्ट के साथ अस्पताल के सालाना आय-व्यय व प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें आरएमआरएस कार्मिकों का मानदेय श्रम विभाग की अधिसूचना के अनुसार देने, दानदाताओं के माध्यम से जिला अस्पताल में 60 लाख के विभिन्न सिविल व अन्य कार्यों के अनुमोदन, अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन देने के लिए निविदा करने, वीडियो कांफ्रेंस रुम तैयार करवाने, अस्पताल मे आइएचएमएस पोर्टल द्वारा मेडिकल रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और भीड़भाड़ को नियंत्रित करने हेतु क्यू मेनैजमेंट सिस्टम के लिए आवश्यक कार्यवाही का अनुमोदन किया गया। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और बजट घोषणा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
*अस्पताल में डायलिसिस यूनिट चालू करने के लिए दिए निर्देश*
संभागीय आयुक्त ने जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट पुनः चालू करने के लिए, इसके प्रदेश नोडल अधिकारी डॉ.सुनील सिंह से दूरभाष पर बात करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। यूनिट के अनुबंध को सिंगल यूज डायलाइजर हेतु समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तर पर अनुबंध मे समीक्षा व निर्णय होने तक बजट घोषणा के अनुरूप 10 बैड की डायलिसिस यूनिट चालू करने हेतु स्थानीय स्तर पर अल्पकालिक अनुबंध का निर्णय लिया गया।
*भामाशाहों द्वारा अस्पताल में करवाए जा रहे कार्यो की ली जानकारी*
जिला अस्पताल में जिला उद्योग संघ द्वारा 20 लाख की लागत से नये गायनी ओपीडी निर्माण, श्री श्याम सुंदर सोनी द्वारा 20 लाख की लागत से एक्सरे हॉल व रोटरी रॉयल्स क्लब द्वारा करीब 15 लाख की लागत से अस्पताल में स्वागत कक्ष के नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण के साथ साथ पार्क का विकास करवाया जाएगा। श्री गौरीशंकर व्यास द्वारा 5 लाख की लागत से अस्पताल परिसर मे भर्ती मरीजों के रिश्तेदारों के बैठने हेतु प्रतीक्षालय और जल मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न दानदाताओं के माध्यम से अस्पताल प्रशासन को 100 नए गद्दे उपलब्ध करवाए जाएंगे।

जय जय प्रयागराज 🙏 pic.twitter.com/47uNRNfxKP
— Mohan Thanvi / खबरों में बीकानेर 🎤 🌐 (@Mohanthanvi) February 23, 2025




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...