सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति पीएम मोदी भी जता चुके हैं चिंता : एसकेआरएयूः कुलपति ने किया पशुशाला का उद्घाटन
बीकानेर, 1 अक्टूबर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने मंगलवार को समन्वित खेती प्रणाली इकाई में नवनिर्मित पशुशाला का उद्घाटन किया। कुलपति ने वैदिक रीति से गो-पूजन करते हुए इसकी विधिवत शुरूआत भी की।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को इसका अवलोकन करवाया जाए तथा इसकी विशेषताओं के बारे में बताया जाए। किसानों की आय बढ़ाने में यह इकाई बेहद लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने यहां की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जाना। प्रो. सिंह ने कहा कि केवीके द्वारा इसकी नियमित माॅनिटरिंग की जाए तथा इससे होने वाले आर्थिक लाभ का आकलन करते हुए आंकड़े उपलब्ध करवाए जाएं। इसके आधार पर किसानों को ऐसी इकाईयां स्थापित करने के लिए पे्ररित किया जाएगा।
प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. एस के शर्मा ने बताया कि आरकेवीवाई में गो-आधारित खेती प्रणाली के तहत इस पशुशाला का निर्माण किया गया है। तीन वर्ष की इस परियोजना की कुल लागत 39 लाख रुपये है। इसमें से आठ लाख रुपये से पशुशाला का निर्माण करवाया गया है। वहीं तीन लाख रुपये की गायें क्रय की गई हैं। यह गायें राठी व साहीवाल नस्ल की हैं। उन्होंने बताया कि गो-आधारित खेती प्रणाली के लिए एक हैक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। इसके अतिरिक्त एक हैक्टेयर भूमि में लगभग डेढ वर्ष से समन्वित खेती प्रणाली इकाई चल रही है। इसमें बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं मछली पालन इकाईयों के अलावा अजोला यूनिट लगाई गई है।
इसमें एक बीघा क्षेत्र में अनार का बगीचा स्थापित है तथा सब्जी उत्पादन भी हो रहा है। यहीं वर्मी कम्पोस्ट इकाई भी स्थापित की गई है। इस इकाई में गाय के गोबर से वर्मीकम्पोस्ट तैयार किया जाएगा। इसका उपयोग जैविक खेती के लिए किया जाएगा। इसी प्रकार गोमूत्र से पंचगव्य बनाने की योजना भी है। इस पंचगव्य का उपयोग जैविक कीटनाशक के रूप में किया जाएगा। गाय के दूध का प्राथमिक प्रसंस्करण भी किया जाएगा।
इस दौरान प्रो. जे. पी. लखेरा, एटिक प्रभारी प्रो. रामधन जाट, प्रसार शिक्षा उपनिदेशक प्रो. सुभाष चंद्र, केवीके प्रभारी डाॅ. दुर्गा सिंह, समन्वित खेती प्रणाली इकाई प्रभारी डाॅ. उपेन्द्र मील, डाॅ. मदन रेगर, डाॅ. सुशील कुमार, डाॅ. बी. एस. मिठारवाल आदि मौजूद रहे।
📒 📰 📑 पढ़ना और पढ़ाना जीवन सफल बनाना 📚 📖 📓




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...