‘हर घर तिरंगा’ : राजस्थानी संगोष्ठी हुई
bahubhashi.blogspot.com
12 अगस्त 2025 मंगलवार
खबरों में बीकानेर
✒️@Mohan Thanvi
‘हर घर तिरंगा’ : राजस्थानी संगोष्ठी हुई
बाइक रैली बुधवार को होगी
बीकानेर, 12 अगस्त। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी तथा इन्टेक, बीकानेर चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को रोटरी क्लब सभागार में ‘राष्ट्र प्रेम रो प्रतीक- हर घर तिरंगो‘ विषयक राजस्थानी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए मनमोहन कल्याणी ने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान कायम रहे, यह हर देशवासी का मौलिक कर्त्तव्य है। तिरंगा देश की शक्ति, साहस, शांति, सत्य, उर्वरता, वृद्धि, धर्म, न्याय, गति को प्रदर्शित करता है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट विजय हर्ष ने कहा कि पूरे विश्व में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की एक अलग पहचान है। प्रत्येक देशवासी अपने घर पर उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराये।
अकादमी सचिव शरद केवलिया ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता, अखण्डता व देशभक्ति का साक्षात प्रतीक है। तिरंगा हर भारतीय के मन में राष्ट्र प्रेम की पुनीत भावना जागृत करता है। इन्टेक बीकानेर चैप्टर के कन्वीनर पृथ्वीराज रतनू ने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदान के बाद देश गुलामी की बेड़ियों से आजाद हुआ। डॉ. के. एल. बिश्नोई ने कहा कि अब हर नागरिक गर्व से अपने घर पर तिरंगा फहरा सकता है। तिरंगे की शान को बनाये रखने के लिये हमारे सैनिकों, आमजन ने अपने प्राणों की आहूति दी है।
डॉ. मोहम्मद फारूख ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से युवा पीढ़ी को तिरंगे की महत्ता का ज्ञान होगा। जुगल किशोर पुरोहित ने अपनी कविता के माध्यम से कहा- ‘आजादी रा गुण गावांला, टाबरिया नै झंडे री बात बतावांला‘। जगदीश रतनू ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान व अस्मिता का प्रतीक है। सुभाष बिश्नोई ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से जन-जन में देशभक्ति की भावना का उदय होगा। इस दौरान रमेश स्वामी, ब्रजेश लखोटिया सहित अकादमी कार्मिक, रोटरी क्लब सदस्य उपस्थित थे।
*हर घर तिरंगा जिला स्तरीय बाइक रैली बुधवार को*
बीकानेर, 12 अगस्त। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय तिरंगा बाइक रैली बुधवार प्रातः 9:15 बजे मेजर पूर्ण सिंह सर्किल से रवींद्र रंगमंच, कलेक्ट्रेट परिसर, जूनागढ़, कीर्ति स्तंभ होते हुए डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तक निकाली जाएगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि इसमें खिलाड़ी, स्काउट गाइड़, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स, कार्मिक तथा आमजन की भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि रैली के दौरान 'हम एक साथ हैं' की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रवाद का संदेश दिया जाएगा। रैली की समाप्ति पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में तिरंगा कैनवास लगाया जाकर देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस पर आम जन द्वारा हस्ताक्षर करते हुए प्रेम देश प्रेम की भावना लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी इसके प्रभारी तथा जिला खेल अधिकारी सहप्रभारी होंगे। वे सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम संचालित करेंगे।
0 Comments
write views