खबरों में बीकानेर
आईस्टार्ट नेस्ट में कंपनी गठन, ब्रांडिंग और स्केलिंग पर विशेषज्ञ कार्यशाला आयोजित
और अन्य खबरें नीचे पढ़ें 👇

बीकानेर : चर्चा में ये खबरें
सभी अन्य खबरें नीचे पढ़ें 👇
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना : 31 जनवरी से पहले कराएं पंजीकरण
*25 लाख के चिकित्सा बीमा के साथ मिल रहा 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवर*
*बीकानेर में 25 सरकारी व 7 निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध*
बीकानेर, 29 जनवरी। ‘मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना’ जैसी कल्याणकारी योजना का 1 फरवरी से लाभ शुरू करवाने के लिए पंजीयन करवाने के अब 2 दिन ही शेष है। 31 जनवरी तक पंजीकरण नहीं करवाने वाले परिवारों को योजना का लाभ लेने के लिए 3 माह का इंतजार करना पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने बताया कि योजना में जिले के अब तक अपंजीकृत वंचित परिवार स्वयं की एसएसओ आईडी या ई-मित्र के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा लें, ताकि 1 फरवरी से योजना का लाभ मिल सके। जिनका रिन्यू करवाना शेष है वे रिन्यू करवा लेवें। 31 जनवरी के बाद रजिस्ट्रेशन करवाने पर नियमानुसार 3 महीने बाद यानी 1 मई 2025 से योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि अधिकाधिक जन इस योजना में पंजीयन करवा कर आगामी दिनों में इलाज के भारी-भरकम खर्च और चिंताओं से मुक्त हो।
योजना के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता ने बताया कि पंजीयन करवाने के बाद उन्हें व परिवारजनों को 25 लाख रूपये का निशुल्क इलाज मिल सकेगा। साथ ही 10 लाख रूपए का दुर्घटना बीमा भी निशुल्क मिलेगा। आमजन इस योजना से जुडे जिले के 25 सरकारी व 7 निजी अस्पतालों सहित राज्य भर के 1,800 से अधिक सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। योजना अंतर्गत कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए डे केयर पैकेज जोड़े गए हैं। इसके सहित कुल 1,806 उपचार पैकेज से निशुल्क इलाज किया जा रहा है।
*मात्र 850 रूपए मे पूरे परिवार का स्वास्थ्य बीमा*
योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक ईशान पुष्करणा ने बताया कि योजना में 70 प्लस आयु के वरिष्ठ नागरिक, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना लाभार्थी, सामाजिक-आर्थिक जनगणना-2011 के चिन्हित परिवार, लघु एवं सीमांत किसान, संविदाकर्मियों तथा कोविड-19 अनुग्रह राशि प्राप्त करने वाले निराश्रित एवं असहाय परिवारों के लिए बीमा का प्रीमियम सरकार वहन कर रही है। अन्य सभी परिवार मात्र 850 रूपए प्रीमियम जमा करवाकर इस योजना से जुड़ सकते हैं। 70 प्लस आयु के वरिष्ठ नागरिक, लघु एवं सीमांत किसान, संविदाकर्मियों तथा कोविड-19 अनुग्रह राशि प्राप्त परिवारों का प्रीमियम तो सरकार वहन कर रही है परंतु उन्हें प्रतिवर्ष निशुल्क पंजीकरण कराना आवश्यक है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का निर्वाण दिवस : कुष्ठ रोग के प्रति भ्रांतियों के खिलाफ चलेगा ‘स्पर्श’ अभियान
कुष्ठ रोग निवारण दिवस के रूप में मनाएगा स्वास्थ्य विभाग
बीकानेर, 29 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाएगा। प्रातः 11 बजे 2 मिनट मौन रखकर बापू द्वारा कुष्ठ रोगियों के कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को याद किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ पुखराज साध ने बताया कि गुरुवार को जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि द्वारा कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता हेतु अपना संदेश प्रसारित किया जाएगा। विद्यार्थियों व आमजन के साथ संगोष्ठी, रैली आदि गतिविधियां कर कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता हेतु 'स्पर्श' जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता पखवाड़ा 13 फरवरी तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की थीम है "आईए सब मिलकर जागरुकता बढ़ाएं, भ्रांतियां दूर करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कुष्ठ रोग से प्रभावित कोई भी व्यक्ति छूट न जाएं"।
राष्ट्रीय कुष्ठ रोग निवारण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी तथा डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता ने बताया कि पखवाड़े के दौरान गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर कुष्ठ रोग के प्रति भ्रांतियां को दूर किया जाएगा। घर-घर जाने वाले स्वास्थ्यकर्मी व आशा सहयोगिनियां कुष्ठ रोग की पड़ताल भी करेंगे।
*बैक्टीरिया जनित रोग है कुष्ठ*
डॉ गुप्ता ने बताया कि कुष्ठ कोई अभिशाप नहीं, एक सामान्य जीवाणु जनित बीमारी है जिसका आसान सा इलाज है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग तंत्रिका तंत्र संबंधित बीमारी है, समय पर इलाज करवाने से कुष्ठ रोग पूर्णतया ठीक हो जाता है लेकिन यदि इसके उपचार में लापरवाही बरती जाए, तो और विकृति आ सकती है। देश में 98 प्रतिशत लोग प्राकृतिक रूप से इस बीमारी के प्रति प्रतिरोधक क्षमता रखते है अर्थात मात्र दो प्रतिशत लोग ही इस बीमारी से ग्रसित हो सकते हैं।
आईस्टार्ट नेस्ट में कंपनी गठन, ब्रांडिंग और स्केलिंग पर विशेषज्ञ कार्यशाला आयोजित
बीकानेर, 29 जनवरी। आईस्टार्ट नेस्ट बीकानेर में बुधवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सीएस गिरीराज जोशी और सीएस सुरेंद्र कुमार हर्ष द्वारा कंपनी गठन, ब्रांडिंग रणनीतियों और व्यवसाय के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर स्टार्टअप्स और नवोद्यमियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला में विभिन्न स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों ने भाग लिया और उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियाँ प्राप्त की। विशेषज्ञों ने कंपनी पंजीकरण की कानूनी प्रक्रियाओं, ब्रांडिंग के माध्यम से बाज़ार में स्थिति मजबूत करने और दीर्घकालिक व्यावसायिक वृद्धि की प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा की। अंत में इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न किए और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
एसीपी गगन भाटिया ने ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया तथा एक सुरक्षित और सहयोगी स्टार्टअप इकोसिस्टम के निर्माण की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जयवीर सिंह शेखावत ने विचार रखे और उद्यमियों को चुनौतियों का सामना करने और व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने की जानकारी दी। उनके अनुभवों और मार्गदर्शन ने प्रतिभागियों को अपने व्यवसायिक दृष्टिकोण को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद की।
कार्यशाला आईस्टार्ट राजस्थान की नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। उद्योग विशेषज्ञों, मार्गदर्शकों और प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाकर, आईस्टार्ट नेस्ट बीकानेर स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने और राजस्थान में एक सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सोलहवीं विधानसभा का तृतीय सत्र: जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष 31 को होगा शुरू
बीकानेर, 29 जनवरी। सोलहवीं विधानसभा का तृतीय सत्र 31 जनवरी को आरम्भ होगा। इस दौरान प्राप्त होने वाले प्रश्नों, ध्यानाकर्षण विशेष उल्लेख, प्रस्तावों आदि का जवाब समय पर भिजवाने के लिए 31 जनवरी से जिला कलक्टर कार्यालय के कमरा नम्बर 5 में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0151-2226031 हैं।
जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि नियंत्रण कक्ष प्रातः 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष में कार्यरत कर्मचारी विधानसभा प्रश्नों से संबंधित कार्य भी सम्पादित करेंगे। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ. दुलीचन्द मीना (दूरभाष 0151-2226002, मो.न. 9414232100) होंगे। नियंत्रण कक्ष में कार्यरत कार्मिक प्रशासनिक अधिकारी, नियंत्रण कक्ष की देखरेख में प्रतिदिन प्राप्त होने वाले प्रश्नों का रजिस्टर संधारित करेंगे व प्रतिदिन प्रातः 10.30 बजे शाखावार प्राप्त एवं निस्तारण प्रश्नों की सूचना प्राप्त कर नवीनतम स्थिति से प्रभारी अधिकारी को अवगत करवाएंगे।
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
बीकानेर, 29 जनवरी। राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी लंबे समय से लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करें। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में 5 से 10 वर्ष पुराने लंबित प्रकरणों की न्यायालयवार समीक्षा की। राजस्व अधिकारियों को राजस्व वसूली के लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में विशेष प्रयास कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक रास्तों के सीमांकन एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। कृषि प्रयोजनार्थ भूमि का आवंटन, सरकारी भूमि का आवंटन एवं विक्रय, सीलिंग कानून, अतिक्रमण, संयुक्त खातों का विभाजन, उपनिवेशन क्षेत्र में भूमि आवंटन और गैर खातेदारी से खातेदारी से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की।
इससे पहले जिला कलेक्टर ने राजस्व एवं विभागीय अधिकारियों के साथ कन्वर्जेंस कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण वासियों को शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए पेयजल संग्रहण स्त्रोतों एवं डिग्गियों की साफ सफाई हेतु शेड्यूल तैयार किया जाए। जलदाय विभाग द्वारा उपखंड अधिकारियों को भी इसकी सूचना भिजवाई जाए। उन्होंने विभाग द्वारा बंद किए गए बोरवेल की सूचना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।कार्यरत जीएलआर की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी रोग की जांच हेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उपखंड अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दी। एएनएम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मां वाउचर योजना की जानकारी देने व इसका लाभ लेने हेतु प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया। उपखंड अधिकारियों को मां वाउचर योजना की प्रगति की मॉनिटरिंग करने को कहा।
जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी को जयपुर रोड पर बचे हुए अवैध कट बंद करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, अतिरिक्त जिला अधिकारी (प्रशासन) डॉ. दुलीचंद मीना, अतिरिक्त जिला अधिकारी (नगर) रमेश देव, एसडीएम कविता गोदारा, श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम उमा मित्तल सहित अन्य उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।
शहीद दिवस गुरुवार को
बीकानेर, 29 जनवरी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर गुरुवार को गांधी पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव ने बताया कि 30 जनवरी को गांधी पार्क में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। रामधुन और गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन भी होगा।
विधायक व्यास ने विधायक क्षेत्र स्थानीय विकास योजना के तहत की विकास कार्यों की संशोधित अभिशंसा
बीकानेर, 29 जनवरी। बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास द्वारा विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत विकास कार्यों की संशोधित अभिशंसा की गई है।
विधायक व्यास ने बताया कि पूर्व में उनके द्वारा मुरलीधर व्यास नगर द्वार, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करमीसर के पास मुख्य रास्ते पर प्रवेश द्वार, महात्मा ज्योतिबा फुले द्वार, हेरिटेज महाराणा प्रताप द्वार, पूगल रोड पर बालेश्वर बालिका स्कूल के पास हेरिटेज द्वार, हेरिटेज बिरजू भा द्वार तथा नवलेश्वर मठ प्रवेश द्वार निर्माण कार्य की अभिशंसा की गई थी। उन्होंने बताया कि परियोजना निदेशक एवं पदेन उप शासन सचिव द्वारा प्राप्त पत्र और विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की दिशा-निर्देशिका में द्वार निर्माण का प्रावधान नहीं होने के कारण राज्य सरकार द्वारा इन्हें निरस्त किया गया है। इसके मध्यनजर विधायक द्वारा इनके स्थान पर नए कार्यों की अभिशंसा की गई है।
विधायक व्यास ने बताया कि नत्थूसर गेट के बाहर गायत्री मंदिर के पास चत्तोलाई श्मशान भूमि में बैठक के लिए बरामदे और चारदीवारी निर्माण के लिए 15 लाख रूपए की अभिशंसा की गई है। इसी प्रकार हेरिटेज महाराणा प्रताप द्वार के स्थान पर हरिराम मंदिर के पास सार्वजनिक वाचनालय निर्माण कार्य, करमीसर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास प्रवेश द्वार के स्थान पर नायकों के मोहल्ले में सार्वजनिक सामुदायिक भवन निर्माण की अभिशंसा की गई है। पूगल रोड में हेरिटेज द्वार निर्माण के स्थान पर गणेश जी के घर से स्वामी के घर तक 150 मीटर सीसी रोड, भंवरलाल के घर से सोनी जी के घर तक 50 मीटर सीसी रोड तथा मूलजी के घर के सामने सीसी रोड निर्माण की अभिशंसा की गई है। हेरिटेज बृजु भा द्वार निर्माण के स्थान पर व्यास पार्क में ओपन जिम निर्माण के लिए 6 लाख की स्वीकृति जारी की गई है।
बीकानेर : सनातन बंधुओं को वैदिक ज्योतिष बोध के लिए 21 दिवसीय ज्योतिष प्रशिक्षण शिविर
30 जनवरी 2025
सनातन बंधुओं को वैदिक ज्योतिष बोध हेतु राजस्थान संस्कृत अकादमी जयपुर मां सरस्वती वेद आश्रम बीकानेर के संयुक्त तत्वाधान में 21 दिवसीय ज्योतिष विषय पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा संस्था अध्यक्ष मुरलीधर पुरोहित ने बताया कि वर्तमान में युवा पीढ़ी को वैदिक ज्योतिष का भी ज्ञान रहना चाहिए तथा सनातन धर्म के प्रति जागृति व निष्ठा लाने हेतु इस प्रकार के वैदिक विद्या को निरंतर बढ़ावा देने के लिए शिविर नितांत आवश्यक है सचिव उमेश किराडू ने बताया कि शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को ज्योतिष विषय पर प्रारंभिक ज्ञान जातक राशि ज्ञान तिथि वार नक्षत्र योग करण जातक कुंडली पर फलित बोधभी कराया जाएगा




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...