*कृषि विभाग की तकनीकी टीम ने किया विस्तृत रेपिड रोविंग सर्वे*
*बीटी कपास फसल में गुलाबी सूंडी व सफेद मक्खी तथा मूंगफली फसल में सफेद लट के प्रकोप की सम्भावना के मद्देनजर किया सघन सर्वे*
बीकानेर, 24 जुलाई। कृषि विभाग द्वारा बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य करते हुए किसानों को कीट व्याधि पहचान, सर्वे व रोकथाम के आवश्यक उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार) कैलाश चौधरी ने बताया कि कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा कोलायत, नोखा, बीकानेर, मेधासर, कोलासर, अणखीसर, काकडा, भामटसर बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि मौसम में उतार-चढाव के कारण व अधिक तापमान व वातावरणीय नमी की अनुकूलता के कारण बीटी कपास फसल में गुलाबी सूंडी (पिंक बाॅल वर्म) तथा सफेद मक्खी व मुंगफली में सफेद लट के प्रकोप की सम्भावना रहती है। बीटी कपास में पीबीडब्लू व सफेद मक्खी तथा मुंगफली में सफेद लट प्रकोप की सम्भावना के मद्देनजर कृषि विभागीय टीम द्वारा किसानों को इसके बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि गुलाबी सूंडी का क्षेत्र में कपास फसल पर कहीं प्रकोप सामने नहीं आया है। वहीं आर्थिक हानि स्तर सर्वेक्षण में सफेद लट में प्रकोप आर्थिक हानि स्तर से नीचे पाया गया है।
संयुक्त निदेशक (कृषि) कैलाश चौधरी ने बताया कि कपास की फसल में क्षेत्र में कुछ स्थानों पर सफेद मक्खी का प्रकोप सामने आया हैं। आर्थिक हानि स्तर से अधिक प्रकोप होने पर फसल उत्पादन में नुकसान की सम्भावना रहती है। उन्होंने बताया कि मूंगफली फसल में कुछ स्थानों पर सफेद लट एवं काॅलर रूट बीमारी का प्रकोप पाया गया जो कि आर्थिक हानि स्तर से कम पाया गया।
*बचाव के ये है उपचार*
सफेद मक्खी उपचार के लिए इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत एसएल की 0.3 एमएल मात्रा या मिथायल डेमोटॉन 25 प्रतिशत ईसी की 2 एमएल प्रति लीटर प्रति हैक्टेयर के हिसाब से 400-500 लीटर पानी की मात्रा में घोल बनाकर छिड़काव कर नियंत्रण करें। सफेद लट नियंत्रण हेतु इमिडाक्लोप्रिड 300 एमएल प्रति हेक्टेयर की दर से सिंचाई के पानी के साथ देने हेतु किसानों को निर्देशित किया गया।
तकनीकी टीम में कृषि विभाग के उपनिदेशक यशवन्ती, भैराराम गोदारा, डाॅ. आर एस बैरवा, कीट वैज्ञानिक केशव मेहरा, स्थानीय कृषि अधिकारी राकेश कुमार व प्रमोद कूकणा हिस्सा रहें।





यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...