- सीएमएचओ ने पीबीएम अस्पताल के एसएनसीयू का किया निरीक्षण
जेएसवाई भुगतान व एमसीएच विंग शुरू करने पर हुआ मंथन
आरसीएचओ पीबीएम समन्वय समिति की बैठक
- पल्स पोलियो अभियान 23 जून को, तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
- इंदिरा गांधी नहर परियोजना कर्मचारी संगठन कार्यकारिणी का विस्तार
- देवस्थान और पशुपालन मंत्री से मिले विधायक व्यास
भगवान के भोग और पुजारियों की मानदेय राशि बढ़ाने की रखी मांग
- राजकीय जिला अस्पताल में जारी मरम्मत कार्यों के गुणवत्ता की मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त करें नोडल अधिकारी -वृष्णि
- राजस्थान पुलिस कल्याण फंड सहित विभिन्न फंड के लिए की घोषणाएं
- बाल श्रम निषेध दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
- मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित
- पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग द्वारा शिविर आयोजित
- सुरेश हिंदुस्तानी ने राज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाग लिया
- किराडू दंपती ने जगदगुरू शंकराचार्य जी महाराज का पादूका पूजन किया
- पात्रों को ऋण और अनुदान पर नरमी का रुख
जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित
- निःशुल्क सिन्धी बाल संस्कार शिविर का भव्य शुभारम्भ
- लघु एवं सीमांत महिला कृषकों को निःशुल्क दिये जाएंगे 62 हजार मिनीकिट
कृषि मासिक तकनीकी कार्यशाला अयोजित
🌹
2010 से ब्लागिंग की दुनिया में ⛹️
औरों से हटकर सबसे मिलकर 🏅
खबरों में बीकानेर 📰
सीएमएचओ ने पीबीएम अस्पताल के एसएनसीयू का किया निरीक्षण
जेएसवाई भुगतान व एमसीएच विंग शुरू करने पर हुआ मंथन
आरसीएचओ पीबीएम समन्वय समिति की बैठक
बीकानेर, 12 जून। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी तथा पीबीएम अस्पताल की समन्वय समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार गुप्ता, पीबीएम अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ गौरी शंकर जोशी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभाग अध्यक्ष डॉ स्वाति फालोदिया व आरसीएचओ डॉ मुकेश जनागल सहित अधिकारियों ने जननी सुरक्षा योजना व राजश्री योजना में भुगतान तथा एमसीएच विंग को शुरू करने जैसे विषयों पर मंथन किया। डॉ गुप्ता ने जननी सुरक्षा योजना तथा राजश्री योजना में लंबित भुगतानों में से उन भुगतान को 20 तारीख तक निपटाने की बात रखी जिसके समस्त दस्तावेज उपलब्ध है, साथ ही एएनसी व प्रसव के समय ही प्रसूता से बैंक व अन्य दस्तावेज प्राप्त करने हेतु स्टाफ को पाबंद किया। डॉ जनागल ने बर्थ डोज में आ रहे अंतर का मुद्दा उठाया और शत प्रतिशत नवजात को हेपेटाइटिस बी, पोलियो तथा बीसीजी की खुराक समय पर देते हुए डाटा इंद्राज की बात कही। डॉ गुप्ता ने पीबीएम अस्पताल की एमसीएच विंग को पूर्ण रूप से सक्रिय संचालन की भी चर्चा की ताकि ओपीडी के साथ-साथ प्रसव, सिजेरियन प्रसव व एसएनसीयू सेवाएं भी एक ही छत के नीचे नवीन भवन में संचालित हो सके। बैठक में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ रेनू अग्रवाल, एसएनसीयू प्रभारी डॉ मुकेश बेनीवाल, मनीष गोस्वामी, विनीत पुरोहित सहित गायनी डिपार्टमेंट व एसएनसीयू के नर्सिंग अधिकारी व स्टाफ मौजूद रहे।
डॉ गुप्ता ने अस्पताल में संचालित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट यानी कि एसएनसीयू का भी अवलोकन किया। यहां दी जा रही सेवाएं व व्यवस्थाओं से काफी संतुष्ट नजर आए।
स्टेट टीकाकरण टास्क फोर्स की बैठक
—अतिरिक्त मुख्य सचिव ने की पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा
पल्स पोलियो अभियान 23 जून को, तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
जयपुर, 12 जून। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती शुभ्रा सिंह ने प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान की क्रियान्विति एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की बुधवार को स्वास्थ्य भवन में विस्तार से समीक्षा की और सम्पूर्ण प्रदेश में 23 जून को संचालित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मीजल्स-रूबेला अभियान की भी समीक्षा की गई।
श्रीमती सिंह ने टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये गठित स्टेट टास्क फोर्स बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विभिन्न राजकीय विभागों और स्वयंसेवी संगठनों के सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2009 से देश में पल्स पोलियो संक्रमण का कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन सम्पूर्ण सुरक्षा के लिये हर बार-हर चरण में हर एक 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान में पल्स पोलियो के 4-4 मामले दर्ज होने और इसके संक्रमण की आशंका के चलते भारत के लिये सावधानी बरतना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर बार की तरह सभी सहयोगी विभाग, डेवलपमेंट पार्टनर संस्थान और सभी स्टेक होल्डर्स इस महाअभियान में अपनी भूमिका का निर्वाह करना सुनिश्चित करें।
मिशन निदेशक एनएचएम एवं विशिष्ट शासन सचिव, चिकित्सा डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि अभियान के पहले दिन पोलियो बूथ पर ज्यादा से ज्यादा लाभार्थी बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने के विशेष प्रयास सुनिश्चित किये जाएं और पहले दिन किसी कारणवश पोलियो बूथ पर दवा नहीं पी सकने वाले बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाने के स्वास्थ्य कार्मिकों को गम्भीरता बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, ईएसआई, अल्पसंख्यक विभाग, रेलवे, नेहरू युवा केन्द्र, नर्सिंग कौंसिल, स्काउट गाइड, एनसीसी-एनएसएस, यूनिसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित महिला आरोग्य समिति जैसे संगठनों के अधिकारियों से एकजुट होकर पोलियो अभियान को सफल बनाने की अपील की।
निदेशक आरसीएच डॉ. सुनीत सिंह राणावत ने बताया कि प्रदेश में 5 वर्ष तक की उम्र के एक करोड़ से अधिक लक्षित बच्चों के लिए पोलियो खुराक पिलाने की व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बैठक में निदेशक जन-स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश माथुर, परियोजना निदेशक टीकाकरण डॉ. रघुराज सिंह, अतिरिक्त निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क श्रीमती अल्का सक्सेना सहित सहयोगी विभागों के अधिकारीगण तथा डवलपमेंट पार्टनर्स के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इंदिरा गांधी नहर परियोजना कर्मचारी संगठन कार्यकारिणी का विस्तार
......बीकानेर 12 जून 2024 इंदिरा गांधी नहर परियोजना संयुक्त कर्मचारी संघ बीकानेर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भंवर पुरोहित की अनुमति से प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अध्यक्ष हितेश अजमानी द्वारा अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए संभाग महामंत्री पद पर अशोक कुमार रंगा और श्री गुरविंदर सिंह संधू को नियुक्त किया गया है!
देवस्थान और पशुपालन मंत्री से मिले विधायक व्यास
भगवान के भोग और पुजारियों की मानदेय राशि बढ़ाने की रखी मांग
बीकानेर, 12 जून। बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास ने बुधवार को जयपुर में देवस्थान एवं पशुपालन विभाग मंत्री श्री जोराराम कुमावत से मुलाकात की और दोनों विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी देते हुए उनके निदान की आवश्यकता जताई।
बीकानेर (पश्चिम) विधायक ने देवस्थान विभाग के अधीन आने वाले मंदिरों में भगवान के भोग की राशि और पुजारियों की मानदेय राशि बढ़ाने तथा शीतला गेट स्थित शीतला माता मंदिर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करवाकर मंदिर का जीर्णोद्धार करवाने की मांग रखी।
*पशुपालकों की समस्याओं से करवाया अवगत*
इसी प्रकार विधायक व्यास ने पशुपालकों की समस्याओं से पशुपालन विभाग मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2 हजार पशुपालक है, जो कि नगरीय क्षेत्र में दूध की आपूर्ति के साथ इसके बाहर भी दूध की आपूर्ति करते हैं। नगरीय क्षेत्र में होने के कारण उन्हें समय-समय पर जिला परिषद के नोटिस प्राप्त होते रहते हैं तथा जिला परिषद से एनओसी नहीं मिल पाती है। इसके अतिरिक्त इनको सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ भी नहीं मिल पाता है। उन्होंने पशुपालन विभाग मंत्री से बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अनुसार पशुपालक हेतु गौ-पालक नगर बनाने के लिए आग्रह किया, जिससे गौ-पालकों के साथ नगर निवासियों को भी सुविधा होगी।
*पशु चिकित्सालयों के लिए भूमि आवंटन की रखी मांग*
विधायक ने बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित 5 चिकित्सा संस्थानों की समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों के भवन नहीं होने के कारण चिकित्सालय गौशाला अथवा निजी भवनों में संचालित है। पशुपालन विभाग की भूमि नहीं होने के कारण नवीन भवन निर्माण नहीं हो पा रहे हैं, जिससे पशुपालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने पशुपालन विभाग मंत्री को पशु चिकित्सा संस्थाओं के लिए भूमि आवंटित करने का आग्रह किया। उन्होंने ओझाओं की बगेची, शीतला गेट गौशाला, डूडी पेट्रोल पंप के पास स्थित पिंजराप्रोल गौशाला, भीनासर गौशाला तथा गजनेर रोड पूल के पास संचालित चिकित्सालय भवन के लिए भूमि के लिए आग्रह किया।
*राजकीय जिला अस्पताल में जारी मरम्मत कार्यों के गुणवत्ता की मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त करें नोडल अधिकारी -वृष्णि*
*आरएमआरएस की बैठक आयोजित*
बीकानेर, 12 जून। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि जिला अस्पताल में जारी मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। अस्पताल अधीक्षक भी इस कार्य की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें। राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी, एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय की बुधवार को आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर ने यह निर्देश दिए। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि अस्पताल में मरीजों के लिए सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम सदुपयोग हो तथा नई सुविधाएं विकसित करने हेतु आवश्यकतानुसार अध्ययन कर प्रस्ताव भिजवाएं।
जिला कलेक्टर ने साफ सफाई, पेयजल, बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए ।
*इनफर्टिलिटी सेंटर के संबंध में रिपोर्ट देने के निर्देश*
डॉ अजय कपूर द्वारा अस्पताल में इनफर्टिलिटी सेंटर पुनः चालू करवाने की मांग पर जिला कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
*इन कार्यों का हुआ अनुमोदन*
बैठक में अस्पताल के लिए आवश्यक दो जनरेटर मरम्मत करवाने, मॉड्यूलर ओ टी और एसी रिपेयर करवाने, बिजली बैकअप व्यवस्था के लिए 6 इनवर्टर बैटरी, पर्ची पंजीकरण कक्षा में तीन डोमेट्रिक्स प्रिंटर, दो नई फोटो कॉपी मशीन खरीदने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षा गार्ड और अटेंडेंट के लिए अस्पताल द्वारा समुचित शर्तों के अनुसार निविदा आमंत्रित की जाए।
जिला कलेक्टर वृष्णि ने कहा कि अस्पताल का स्टाफ प्रोएक्टिव होकर काम करें। मरीज तुरंत अटैंड किये जाए, साफ-सफाई, बिजली-पेयजल की उपलब्धता पर कोई कोताही नहीं हो।
प्राचार्य डॉ सोनी ने अस्पताल प्रशासन से संस्थान का फायर सेफ्टी आडिट करवाते हुए सर्टिफिकेट लेने को कहा। समिति द्वारा अस्पताल में सड़क मरम्मत, स्थाई फिजिशियन लगाने की मांग रखी गई।
बैठक में एस. पी. मेडिकल कॉलेज प्रिंसीपल डॉ गुंजन सोनी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ अजय कपूर, एसडीएम राजकीय जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष, सदस्य सरजू नारायण पुरोहित, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ बी. के. तिवाड़ी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ गुलाब खत्री, दुर्गाशंकर व्यास, हेल्थ मैनेजर डॉ प्रबल कुमार पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस समारोह -अपराध मुक्त राजस्थान के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध -पुलिस सेवाभाव एवं संवेदनशीलता से करे कार्य -मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा - राजस्थान पुलिस कल्याण फंड सहित विभिन्न फंड के लिए की घोषणाएं
जयपुर, 12 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ के ध्येय वाक्य के साथ राजस्थान पुलिस कर्मठता से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है।
श्री शर्मा बुधवार को राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही, कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस ने अपने 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की एक अद्वितीय मिसाल पेश की है जो अपराध मुक्त राजस्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार हो रहे बड़े फैसले
श्री शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार लगातार कई बड़े फैसले ले रही हैं, जिससे अपराध के आंकड़ों में गिरावट आई है। राज्य सरकार ने पेपरलीक मामले में एसआईटी जांच, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन, महिला एवं दलित अत्याचार को कम करने सहित विभिन्न मामलों में कई नीतिगत निर्णय लिए हैं, जिनके अपेक्षित परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा व सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड का गठन किया गया है। साथ ही, 174 पुलिस थानों में भी महिला डेस्क की स्थापना कर महिला परिवादियों की सुनवाई सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संवैधानिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार और पुलिस कृत-संकल्पित है।
राज्य सरकार आधुनिक पुलिस के लिए संकल्पबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ अपराधों के तरीके बदल रहे हैं, ऐसे में राजस्थान पुलिस भी खुद को लगातार आधुनिक बना रही है। पुलिस बल को आधुनिक हथियारों, फॉरेंसिक साइंस और साइबर अपराध की रोकथाम जैसी तकनीकों में दक्ष बनाया जा रहा है ताकि वे भविष्य में आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करते हुए हमारी सरकार आमजन की सुरक्षा को लेकर पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजस्थान पुलिस कल्याण निधि के लिए 1.5 करोड़, राजस्थान पुलिस बेनेवलेन्ट फण्ड के लिए 1 करोड़ तथा उत्सव फंड में 1 करोड़ से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपए आवंटित करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री यू आर साहू ने कहा कि जनमानस में पुलिस की विश्वसनीयता तथा कर्तव्यपरायणता को और मजबूत बनाने में राजस्थान पुलिस कोई कोर कसर नहीं छोड़गी।
इससे पहले श्री शर्मा ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहादत को नमन किया। मुख्यमंत्री ने आरपीए के परेड ग्राउण्ड में सेरेमोनियल परेड में राजस्थान पुलिस अकादमी, चतुर्थ एवं पांचवीं बटालियन आरएसी, हाड़ी रानी बटालियन, एसडीआरएफ, जीआरपी, एमबीसी एवं ईआरटी की एक-एक प्लाटून के अलावा जयपुर पुलिस आयुक्तालय की तीन प्लाटून (निर्भया स्कवॉड, पुलिसकर्मी और यातायात प्लाटून) का परेड निरीक्षण करते हुए सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारी एवं कार्मिकों को पुलिस पदक से सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत, महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो श्री रवि प्रकाश मेहरड़ा, महानिदेशक पुलिस एस.सी.आर.बी. श्री हेमन्त प्रियदर्शी, महानिदेशक इन्टेलिजेन्स श्री संजय कुमार अग्रवाल सहित पुलिस विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
----
*बाल श्रम निषेध दिवस पर कार्यक्रम आयोजित*
बीकानेर, 12 जून। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को बाल अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरूण सिंह शेखावत, संयुक्त श्रम आयुक्त प्रदीप यादव, बाल कल्याण समिति सदस्य जन्मेजय व्यास, चाइल्ड लाइन समन्वयक प्रवेश आचार्य, बाल संरक्षण अधिकारी सुमन मेहरा ने संयुक्त रूप से बाल श्रम नहीं करवाने का जन जागरूक कार्यक्रम करणी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया। इसमें फैक्टी संचलाकों एवं श्रमिकों से बाल श्रम नहीं करवाने की शपथ दिलाई एवं इस संबंध के वचन पत्र भी भरवाए गए।
*मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित*
बीकानेर, 12 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत दिव्यांगजनों को स्व स्वरोजगार गतिविधि एवं व्यवसाय प्रारम्भ करने के लिए बैंक ऋण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि दिव्यांगजनों को स्व स्वरोजगार गतिविधि एवं व्यवसाय प्रारम्भ हेतु अधिकतम 5 लाख रुपए तक का ऋण बैंक द्वारा स्वीकृत किया जाता है।विभाग द्वारा स्वीकृत ऋण का अधिकतम 50 प्रतिशत या 50 हजार, जो भी कम हो अनुदान के रूप में उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दिव्यांगजन किराना स्टोर, बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान, टेलरिंग शॉप, कृत्रिम आभूषण शॉप, किताब स्टेशनरी की दुकान, ब्यूटी पॉर्लर, मोबाईल रिपेयरिंग एवं सेल्स, टैन्ट हाउस, जूते चप्पल बनाना एवं विकी, कढ़ाई कार्य आदि व्यवसाय के लिए आवेदन कर सकता है।
*आवेदन की यह रहेगी शर्तें*
आवेदक भारत सरकार द्वारा लागू दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुसार दिव्यांगजन होना चाहिये। दिव्यांगजन की निःशक्तता का प्रतिशत 40% या अधिक होना चाहिये। आवेदन राजस्थान का मूल निवासी हों। आवेदन की कम से कम 18 वर्ष एवं अधिकतम 55 वर्ष हो एवं आवेदक के परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय 2 लाख रुपए से अधिक न हों। उन्होंने बताया कि पात्र दिव्यांगजन उक्त योजनान्तर्गत ई-मित्र कियोस्क अथवा स्वयं एसएसओ आईडी द्वारा एसजेएमएस डीएसएपी पॉर्टल से ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
*पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग द्वारा शिविर आयोजित*
*600 से अधिक परिवेदनाएं निस्तारित*
बीकानेर, 12 जून। पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को आयोजित पेंशनर्स समस्या समाधान शिविर में 600 से अधिक पेंशनर्स की परिवेदनाओं का निस्तारण किया गया।
पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ ज्योति बाला व्यास ने बताया कि शिविर में पेंशनर्स की निस्तारण योग्य परिवेदनाओं का हाथों-हाथ निस्तारण किया गया। पारिवारिक पेंशनरों के 600 से अधिक प्रकरणों में जन्म तिथियों, नाम संशोधन, डुप्लीकेट पीपीओ सहित विभिन्न परिवेदनाओं निर्धारण कर सूचियां कोषाधिकारियों को सुपुर्द की गई। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी दो चरणों में पारिवारिक पेंशनर्स के जन्म तिथि निर्धारण का कार्य अभियान रूप में किया जा चुका है, सूचियों का लीगेसी अपडेशन का कार्य 7 दिवस में करने हेतु कोषाधिकारियों को निर्देशित किया गया है, जिससे योग्य पारिवारिक पेंशनर्स को अतिरिक्त पेंशन का वित्तीय लाभ तुरन्त मिल सके। इसके अलावा नाम संशोधन, अधिकृति पुनःवैद्यकरण, डुप्लीकेट पीपीओ व अन्य प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस दौरान कोषाधिकारी श्रीगंगानगर मनोज मोदी, कोषाधिकारी चूरू प्रवीण सिंघल, कोषाधिकारी हनुमानगढ़ के. के. शर्मा, अतिरिक्त कोषाधिकारी (पेंशन) बीकानेर ललिता ननकानी, पेंशनर समाज के विभिन्न शाखा प्रभारी सत्यनारायण शर्मा, ओम प्रकाश जोशी, इन्द्रचन्द मोदी व अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
सुरेश हिंदुस्तानी ने राज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाग लिया
बीकानेर के वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेश हिंदुस्तानी ने पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर , सांस्कृतिक मंत्रालय, भारत सरकार की आज़ 12 जून को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र की अध्यक्षता में वडोदरा ( गुजरात) में आयोजित गवर्निंग बॉडी की बैठक में भाग लिया । बैठक में राज्यपाल कलराज मिश्र ने लोक कलाकारों के विकास के लिये कार्य करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई । उल्लेखनीय है कि सुरेश हिंदुस्तानी को पिछले वर्ष ही तीन वर्षों के लिये पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र , उदयपुर की गवर्निंग बॉडी का सदस्य बनाया गया था ।
किराडू दंपती ने जगदगुरू शंकराचार्य जी महाराज का पादूका पूजन किया
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा समाजसेवी राजकुमार किराडू के निवास जस्सूसर गेट के बाहर आज ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज का आगमन हुआ। इस अवसर पर किराडू दंपती द्वारा जगदगुरू शंकराचार्य जी महाराज का पादूका पूजन कार्यक्रम किया गया।
बीकानेर के गणमान्य नागरिक तथा परिवारजन मौजूद थे।
___________
पात्रों को ऋण और अनुदान पर नरमी का रुख
जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित
बीकानेर,12 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने प्रधानमंत्री सम्मान स्वनिधि, फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना, इंदिरा महिला शक्ति उद्यम योजना, पीएम अजय योजना आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार प्रायोजित योजनाओं का लाभ जरूरतमंद को शीघ्र मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बैंकों के छोटे प्रयास से पात्र नागरिकों को ऋण देकर रोजगार प्राप्त हो रहा है, तो उसे प्राथमिकता से स्वीकृत कर सब्सिडी देने का प्रयास करें।
उन्होंने विभागीय व बैंक अधिकारियों को समन्वित रूप से अस्वीकृत ऋण प्रकरणों के संबंध में जांच कर निर्णय लेने के निर्देश दिए। किसी भी पात्र व्यक्ति को ऋण लेने में परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बैंकिंग अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने व पात्र व्यक्ति को स्वीकृत ऋण वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता विभाग को मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर आवेदन करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मनरेगा में नियोजित महिला श्रमिकों को स्वयं सहायता समूह में शामिल करते हुए बैंक में खाता खुलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऑफलाइन आवेदन पत्रों को समय पर संबंधित बैंकों में पहुंचाने व उन्हें फॉलो अप करने को कहा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नल जल मित्र के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रशिक्षणार्थियों को नया व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक अधिकारियों को प्राथमिकता से ऋण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के वंचित किसानों को कृषि क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी को जनसाधारण तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
*एग्रीकल्चरल इंफ्रास्ट्रक्चर फंड की प्रगति की समीक्षा की*
जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने कृषि अवसंरचना निधि योजना से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि मंडियों पर ग्लो साईन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विपणन बोर्ड को 30 जून से पूर्व ब्लॉक स्तरीय मंडियों पर साईन बोर्ड स्थापित करते हुए छायाचित्र भेज नाबार्ड तथा जिला प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में रिजर्व बैंक के लीड बैंक अधिकारी विंध्याचल सिंह, एलडीएम वाई एन व्यास,डीडीएम नाबार्ड रमेश तांबिया सहित अन्य विभागों व बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सिन्धी समाज बीकानेर
12 जून 2024
*निःशुल्क सिन्धी बाल संस्कार शिविर का भव्य शुभारम्भ ।*
भारतीय सिन्धु सभा व अमरलाल मंदिर ट्रस्ट रथखाना के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क सात दिवसीय सिंधी बाल संस्कार शिविर का आरम्भ आज दिनांक 12 जून 2024 को रथखाना स्थित निज मंदिर में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग प्रभारी मान सिंह मामनानी ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंदिर के सेवादारी दौलत हरवानी व विशिष्ट अतिथि सतीश रिझवानी थे। इस अवसर पर शिक्षक सुरेश केशवानी नीता सामनानी, अनिल डेम्वला का माल्यार्पण कर स्वागत पीताम्बर सोनी, प्रेम मामजानी व हासानंद मंघवानी ने किया। झूलेलाल जी का माल्यापर्ण नन्हें मुन्हे बालक-बालिकाओं द्वारा किया गया। इष्ट देव झुलेलाल जी के सम्मुख दीप प्रज्जवलन दीपक आहूजा, लोकेश मनसुखानी, चन्द्रा, खुशबु रूखमणी, भारती व नीतू ने किया। सिन्धी समाज के गणमान्य सदस्यों व नन्हें मुन्हे बालको के सानिध्य में शिविर के बैनर का विमोचन किया गया।
महानगर अध्यक्ष किशन सदारंगानी ने बताया कि शिविर का सात दिन तक निरन्तर चलेगा। जिसमें बच्चों को बाल संस्कार, सिन्धी भाषा व बोली, खान-पान, सिन्धी त्यौहार आदि की जानकारी शिक्षकों के द्वारा दी जायेगी। उन्होने बच्चों घर पर केवल सिंधी में ही बात करने को कहा।
लघु एवं सीमांत महिला कृषकों को निःशुल्क दिये जाएंगे 62 हजार मिनीकिट
कृषि मासिक तकनीकी कार्यशाला अयोजित
बीकानेर, 12 जून। कृषि विभाग द्वारा बुधवार को सहायक निदेशक (कृषि) विस्तार कार्यालय सभागार में मासिक तकनीकी आयोजित की गई। इसमें जिले के समस्त सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक व प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
संयुक्त निदेशक (कृषि) विस्तार कैलाश चौधरी ने बताया कि जिले के लघु एवं सीमांत महिला किसानो को 62 हजार 100 मिनी किट निःशुल्क उपलब्ध करवाये जाने हैं। इसके लिए फील्ड फंक्शनरीज को निर्देशित किया गया है कि विभागीय दिशा-निर्देशानुसार तय कमेटी की अध्यक्षता में किसानों के मोबाईल नं. व खसरा नं. प्राप्त करें और कृषक के जनआधार कार्ड के माध्यम से राजकिसान साथी पोर्टल का उपयोग करते हुए शत-प्रतिशत ऑनलाईन वितरण किया जाए।
उन्होंने बताया कि मोठ किस्म आरएमओ-2251, बाजरा एचएचबी-299 व मूंग एमएच-421 के 35 हजार, 20 हजार 500 व 6 हजार 600 सहित कुल 62 हजार 100 मिनीकिट किसानों को उपलब्ध करवाये जाने हैं।
सहायक निदेशक भैराराम गोदारा ने कृषि विभाग के प्रतिनिधियों को कृषि विभागीय योजनाओं की जानकारी दी एवं मानसून सत्र के मध्यनजर अधिक से अधिक पौधारोपण के लिये प्लान तैयार रखने हेतु निर्देशित किया।
सहायक निदेशक अमर सिंह ने कृषि पर्यवेक्षको को उनकी डेली डायरी अपडेट कर 7 दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि पर्यवेक्षक निरन्तर, क्षेत्र में रहकर किसानों को विभागीय योजनाओ की जानकारी के साथ योजना क्रियान्वयन पर ध्यान देवे। सहायक निदेशक प्रदीप चौधरी ने बताया कि कृषि पर्यवेक्षक, किसानों से बेहतर समन्वय कर अधिक से अधिक वाॅटसअप ग्रुप बनाएं और अधिक से अधिक संख्या में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
कृषि अधिकारी मुकेश गहलोत ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी व निर्देश दिये कि वे जिले में इच्छुक पात्र किसानों के यहां फल बगीचा अनार, खजूर, नीम्बू वर्गीय फसल इत्यादि अनुदान पर लगाने के लिए अधिक से अधिक पत्रावलियां तैयार करवा राज मासिक पोर्टल पर आवेदन करवाएं, जिससे फल बगीचा स्थापना पर देय अनुदान का लाभ किसानों को व्यापक रूप से मिल सके।
तकनीकी कार्यशाला में कृषि विभागीय अधिकारी महेन्द्र प्रताप, रमेश भाम्भू, लालचंद सारण, बलराम स्वामी, मामराज मेघवाल, चन्द्रमोहन पुरोहित, कांता मूण्ड, सोनिया, कुसुम, रामकुमार, भैराराम, लक्ष्मण सिंह, इत्यादि उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन कृषि अधिकारी मुकेश गहलोत ने किया।












यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...