📰
सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
बोतल में बंद आर्थिक जिन्न हंसेगा या रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री होगी
बीकानेर (मोहन थानवी) । कोरोना महामारी को लेकर सोमवार से लॉकडाउन -3 की शुरुआत से पूरे देश में शराब की दुकानें खोलने की भी घोषणा हुई है। इसके तहत अनेक राज्यों में आज सुबह से शराब की दुकानों के बाहर लंबी लंबी लाइनें लगी होने की पोस्टों से सोशल मीडिया में हलचल तेज है। जो इस बात का द्योतक है कि यह सेल बम्पर सिद्ध होने जा रही है। यदि खुदरा शराब बिक्री के आंकड़े जुटाए जा सकें तो एक दिन के शराब बिक्री के रिकॉर्ड कई जगह टूट टूट कर फिर फिर बनेंगे। बहरहाल, आंकड़े जुटें या न जुटें यह तो तय है कि शराब बिक्री से सरकार के खजाने में कुछ वजन बढ़ेगा और वह राशि इस संघर्ष काल में कुछ सहारा देगी। शराब दुकानों के बाहर लगी कतारों को लेकर सोशल मीडिया गुलजार है। कितनी जगह फिजिकल डिस्टेंसिंग को लोग धता बता रहे हैं, कहा नहीं जा सकता। बीकानेर के कुछेक इलाकों से भी ऐसी ही पोस्ट लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही हैं। इससे जाहिर तौर लगता है शाम ढलते ढलते कई दुकानों में कुछ ब्रांडों की शराब का स्टॉक खुटने (कम होने) लगे। ऐसे ऐसे वर्ग के लोग भी जेब से नकद पैसा निकाल निकाल कर लाइनों में खड़े होकर शराब लेने में जुटे दिखे जिन्हें लॉकडाउन के चलते बेरोजगारी से जूझना पड़ रहा है। संशय होता है कि ऐसे लोगों में 2-4 वो भी हो सकते हैं जो राशन के लिए भी सहायता-सहायता की गुहार लगाते हों। इस शराब बिक्री से सरकार को राजस्व जरूर मिलेगा साथ ही हमलोग कोरोना महामारी से जूझते देश में समाज के ऐसे चेहरों के नकाब भी उतरते देख सकेंगे। साथ ही यह भी सामने आएगा कि शराब की बोतल में आर्थिक नशे का जिन्न भी रहता है। क्या होगा यह तो वक्त ही बताएगा बोतल में बंद आर्थिक जिन्न हंसेगा या रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री होगी ।
📒



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...