खबरों में बीकानेर 🎤 🌐 ✍️
छात्रसंच चुनाव : सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत सम्पन्न, मतगणना संबंधित संस्थान में ही सम्पन्न होगी
डूंगर कॉलेज में 47.91 प्रतिशत मतदान
बीकानेर 27 अगस्त। बीकानेर सम्भाग के सबसे अधिक मतदान 10354 वाले राजकीय डूंगर महाविद्यालय में मंगलवार को हुए छात्र संघ चुनाव में कुल 4961 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्राचार्य डॉ. सतीश कौशिक ने बताया कि सम्पूर्ण मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हुआ। डॉ. कौशिक ने सफल चुनाव संचालन हेतु महाविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं जिला तथा पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र मंगल ने बताया कि कुल सत्रह मतदान केन्द्रों में से बी.ए.प्रथम वर्ष के मतदान केन्द्र संख्या दो पर सर्वाधिक इकसठ प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार बी.कॉम. द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के मतदान केन्द्र संख्या सोलह पर न्यूनतम लगभग उन्नतीस प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशानुसार मतदान दिवस को भी सभी पात्र मतदाताओं को परिचय पत्रों का वितरण किया गया।
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. जी.पी.सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, राजूवास तथा स्वामी केशवानन्द कृषि विश्वविद्यालय सहित कुल सत्रह संस्थानों की मतपेटियां डूंगर कॉलेज के स्ट्रांॅंग रूम में रखवा कर सील कर दी गयी हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि मतगणना दिवस बुधवार को सभी संस्थानें प्रातः नौ बजे से मतपेटियां डूंगर महाविद्यालय से प्राप्त कर सकेंगी। तत्पश्चात सभी शिक्षण संस्थानों की मतगणना अट्ठाईस अगस्त को ही संबंधित संस्थान में ही सम्पन्न होगी। डूंगर कॉलेज के मतदाताओं की मतगणना बुधवार अट्ठाईस अगस्त को 11 बजे प्रताप सभागार में प्रारम्भ होगी।
लिंगदोह समिति के प्रभारी अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत ही सम्पन्न हुई। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा इस हेतु हर सम्भव प्रयास किया गया।



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...