खबरों में बीकानेर 🎤 🌐 ✍️
बीकानेर : 21 मई, 2019
पखवाड़े के दौरान 5 वर्ष तक के बच्चों वाले सभी घरों में आशा सहयोगिनियों के मार्फत एक-एक ओआरएस का पैकेट पहुंचाया जायेगा
बीकानेर। 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में दस्त तथा कुपोषण के कारण होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने व जनजागरण के उद्देश्य से गहन दस्त नियंत्रण पखवाडा (आई.डी.सी.एफ.) 28 मई से 9 जून तक चलाया जायेगा। पखवाड़े के दौरान 5 वर्ष तक के बच्चों वाले सभी घरों में आशा सहयोगिनियों के मार्फत एक-एक ओआरएस का पैकेट पहुंचाया जायेगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फाॅर्स बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने समस्त जुड़े विभागों के आलावा विभागों के जिला-खण्ड स्तरीय अधिकारीयों को भी पखवाड़े के दौरान अस्पतालों व आँगनवाड़ियों के निरीक्षण कर पखवाड़े को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दस्त नियंत्रण में ओआरएस व जिंक की गोली के जीवनदायी फायदों को घर-घर पहुंचाने में आशा सहयोगिनियों की अहम भूमिका रेखांकित की। कलेक्टर ने गर्मी के मौसम में उल्टी-दस्त के आउटब्रेक निकलने पर विभाग द्वारा दस्ता तैयार रखने और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र तनेजा ने बताया कि ओआरएस और जिंक गोली की पर्याप्त मात्रा में उपकेन्द्रों तक आपूर्ति की जा रही है और प्रशिक्षण जारी है। इंडियन अकादमी ऑफ़ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप बिट्ठू ने दस्त के प्रबंधन में ओआरएस घोल व 14 दिन जिंक के उपयोग की तकनीकी जानकारी दी।
स्टैंडी का किया विमोचन
जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने आईडीसीएफ से सम्बंधित 2 स्टैंडी का विमोचन कर पखवाड़े के सघन प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य ने जानकारी दी कि स्टैंडी द्वारा हाथ धुलाई के 6 चरणों और दस्त नियंत्रण में ओआरएस-जिंक के उपयोग के प्रति जन जागरण किया जाएगा।
क्या है आईडीसीएफ
सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़े (आई.डी.सी.एफ.) के दौरान 5 वर्ष तक के बच्चों वाले सभी घरों में आशा सहयोगिनियों के मार्फत एक-एक ओआरएस का पैकेट पहुंचाया जायेगा। सभी चिकित्सा संस्थानों व आंगनबाडी केन्द्रों पर ओआरएस व जिंक काॅर्नर बनाकर घोल तैयार करने व उपयोग के तरीके का प्रदर्शन किया जाएगा। हाथ धुलाई के तरीके का भी प्रदर्शन किया जाएगा। अभियान के तहत दस्त से पीड़ित 5 वर्ष तक के बच्चों को चिन्हित कर उन्हें ओआरएस का पैकेट एवं जिंक टेबलेट निःशुल्क उपलब्ध करवाई जायेगी। एनएचएम के तत्वावधान में 2014 से मानसून व ग्रीष्म ऋतु में गहन दस्त नियंत्रण पखवाडे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दस्त एवं कुपोषण से होने वाली बीमारियों के प्रति आमजन में जनजागृति लाने के लिए जनप्रतिनिधियों, आशा, एएनएम, व आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के सहयोग से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए पीएचईडी, शिक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग का सहयोग भी लिया जायेगा।
/
👆👆👆पढ़ो वही जो है सही, मतलब - खबरों में बीकानेर 🎤 🌐👆👆👆




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...