bahubhashi.blogspot.com
27 जुलाई 2025 रविवार
खबरों में बीकानेर
✒️@Mohan Thanvi
बीकानेर के वृद्धजन भ्रमण पथ का एक बार फिर किया उद्धार
“टीम ‘आवर फॉर नेशन’ का सफाई अभियान – प्रेरणा, सेवा और संकल्प की मिसाल”
बीकानेर 27 जुलाई 2025 रविवार
बीकानेर को स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिल चुका है बावजूद इसके लगभग हर रोज बीकानेर के सार्वजनिक बहुत से स्थलों पर प्रायः रोजाना ही आम नागरिकों को सफाई के लिए आगे आना पड़ता है। ऐसी ही एक टीम है जो प्रति सप्ताह मौसम के नजरिए से कठिन परिस्थितियों में भी अपने स्वच्छता अभियान को जारी रखे हुए है। हम बात कर रहे हैं - ‘टीम आवर फॉर नेशन’ की । इस टीम ने आज रविवार को बीकानेर के वृद्धजन भ्रमण पथ पर सफाई अभियान चलाकर सेवा भावना और समर्पण की नजीर रखी। इस स्थल की सफाई इसी टीम ने कुछ समय पहले भी करके लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया है । आज अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, मॉर्निंग वॉकर्स ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई । समाजसेवी व योग गुरु विनोद जोशी ने स्वयं अभियान में सहभागिता की और सभी को प्रेरित भी किया।
आयोजकों का दावा है कि इस अभियान का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण रहा, जब डॉ. रेखा श्रीवास्तव (गायनी विशेषज्ञ) ने दोनों घुटनों के प्रत्यारोपण (knee replacement) के बाद पहली बार चलने का प्रयास इसी अभियान से शुरू किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती रहते हुए ही टीम से संपर्क कर यह इच्छा जताई थी कि वे स्वस्थ होते ही अभियान में भाग लेंगी। आज उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता निभाई और सभी को भावुक कर दिया।
राकेश गुर्जर, जो हाल ही में आगरा से स्थानांतरित होकर लौटे हैं, तथा टीम के संस्थापक सदस्य इंदर सिंह, जिन्होंने हाल ही में हृदय शल्य चिकित्सा करवाई है – दोनों ने भी आज अभियान में भाग लेकर सभी के उत्साह को दोगुना कर दिया।
टीम ने सभी सदस्यों और नए साथियों का हृदय से स्वागत किया। आज अभियान के दौरान वृद्धजनों के लिए बनाए गए भ्रमण पथ के पास से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर कचरा साफ किया गया। यह स्थान समाज के वरिष्ठ नागरिकों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों का प्रिय स्थल है, और इस क्षेत्र की सफाई अत्यंत आवश्यक थी।
यह अभियान पिछले 11 वर्षों से पूरी निःस्वार्थ भावना और बिना किसी सरकारी या निजी आर्थिक सहयोग के चलाया जा रहा है।
टीम का संकल्प है कि समाज की भलाई और स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में यह अभियान लगातार चलता रहेगा। ‘आवर फॉर नेशन’ केवल एक टीम नहीं, बल्कि एक सोच है – कि हर नागरिक सप्ताह में कम से कम एक घंटा राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करे।











यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...