खबरों में बीकानेर

बीकानेर : जमीन से आई आवाज, छतपंखे हिलते देखे तो किसी ने खुद को आईने में हिलता देखा... वजह थी भूकम्प का अहसास
बीकानेर में रविवार की दोपहर बहुत से लोगों ने जमीन के भीतर से आई आवाज सुनी। हालांकि यह आवाज मुश्किल से एक-दो सेकंड ही सुनाई दी । वहीं किसी को कमरे में लगा छत पंखा हिलता दिखाई दिया तो कोई दाढ़ी बनाते समय आईने में ही खुद को हिलता हुआ देख अचंभा करने लगा। ऐसा हुआ 12 बजकर 58 मिनट पर। वजह बाद में सामने आई कि बीकानेर में भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। हालांकि बहुत से लोग भूकम्प के अहसास से एकबारगी घरों से बाहर निकल आए थे। शहर की एक्सरे गली सादुल कालोनी निवासी पंडित राजकुमार कमरे में छतपंखे की आवाज और उसे हिलता देख घर से बाहर निकले । वहीं पर बालू भाई भी बाहर निकले हुए थे जिन्होंने बताया कि वे दाढ़ी बना रहे थे तो आईना हिलने लगा था। डूंगर कॉलेज में कला संकाय अंतिम वर्ष ड्राइंग की स्टूडेंट कृतिका ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि वह जमीन पर बैठकर कुछ काम कर रही थी कि उसे जमीन के अंदर से कुछ आवाज आती महसूस हुई।
भूकंप के आने या इसकी तीव्रता को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर सूचना नहीं मिल सकी है। बहरहाल, लोगों के मोबाइल और सोशल मीडिया पर भूकंप के झटकों को लेकर चर्चा जोरों की है। सोशल मीडिया पर भूकंप को लेकर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी वायरल हो रहे है।
अपडेट 5.55pm
मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप के झटके रविवार अपराह्न अपराह्न 12.58 बजे महसूस किए गए। हालांकि इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनएससी) की वेबसाइट के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र बीकानेर के पास जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, रविवार दोपहर को राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र में रिक्टर पैमाने पर 3.6 तीव्रता का मध्यम भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र अक्षांश 27.76 उत्तर और देशांतर 73.72 पूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई में था।




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...