*खबरों में बीकानेर*
एक्सीडेंट : दो लोगों की मौत, एक घायल
बीकानेर।
एक निजी ट्रेवल्स की बस की टक्कर थार गाड़ी से हो जाने पर दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया जिसका उपचार पीबीएम अस्पताल में जारी है। एक्सीडेंट जिले के सेरूणा थाना इलाके के झंझेऊ गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने पीबीएम में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी मिली है कि श्रीडूंगरगढ़ की तरफ झंझेऊ गांव के पास बीकानेर से जयपुर की ओर से जा रही करणी महाराजा की बस सामने से आ रही थार गाड़ी से जा भिड़ी। बस पास चल रहे ट्रक से भी टकराई। थार गाड़ी चकनाचूर हो गयी और बस भी आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। वाहनों के आपस में टकराने से जोरदार आवाज हुई जिससे बस में घबराए यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। सेरुणा थाने के थानाधिकारी पवन कुमार,मुंशी फतेहसिंह सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा व पुलिस ने थार में सवार तीनों को बाहर निकाला। दो गम्भीर घायलों को 108 से बीकानेर भेज दिया गया व एक मृतक का शव श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हाइवे पेट्रोलिंग टीम व लखासर टोल टीम भी मौके पर पहुंची व बचाव कार्य में जुटे रहे। हाइवे से वाहनों को हटा कर टीम ने रास्ता क्लियर करवाया। एक बस सवार भी चोटिल हुआ व शेष यात्रियों में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा व दूसरी बसों व साधनों से यात्री जयपुर व बीकानेर गए।



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...