✍️
बीकानेर में भाजपा नेताओ और मंत्रियों के ताबड़तोड़ कार्यक्रम, स्टेशन पर स्वागत से हुई शुरुआत
बीकानेर 4 मार्च 2024 सोमवार
बीकानेर में आज सुबह से ही भाजपा नेताओं और मंत्रियों का आगमन शुरू हो चुका है। इसी बीच सूत्रों के मुताबिक खबर आ रही है कि सोमवार शाम तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बीकानेर पहुंच सकते हैं। जानकारी के मुताबिक श्रीगंगानगर रोड पर बस स्टैंड के पास शगुन पैलेस में मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे नाल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से शगुन पैलेस आएंगे। यहां कार्यक्रम समाप्ति के बाद वह सीधा जयपुर के लिए एयरपोर्ट की ओर रवाना हो जाएंगे।
आज सुबह सबसे पहले रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर पहुंचे। बाद में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी सर्किट हाउस पहुंचे। दोपहर बाद राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के पहुंचने के समाचार भी मिल रहे हैं। आज पूरा दिन नेता और मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे।
सुबह-सुबह रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका लोकसभा चुनाव में चौथी बार प्रत्याशी बनाए जाने पर स्वागत किया।
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल रुणिचा के लिए रवाना हुए। वे फिर सायं 7 बजे बीकानेर पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यकमों में भाग लेने के बाद रात्रि 10.30 बजे रेल मार्ग से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
शिक्षा तथा पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर का यहां सर्किट हाउस में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास, विजय आचार्य, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, उपमहापौर राजेंद्र पंवार, नंद किशोर सोलंकी, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराना, श्याम सुंदर चौधरी, अरुण जैन, नरेश नायक, देवेंद्र सारस्वत, जितेंद्र सिंह रायसर, भूपेंद्र शर्मा, नरसिंह सेवग, गोपाल आचार्य, मुरली व्यास, कुलदीप यादव, अशोक प्रजापत, कमल आचार्य, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रतिभा देवठिया, अतिरिक्त निदेशक (माशि) अशोक आसीजा, अतिरिक्त निदेशक (प्राशि) सुभाष महलावत, संयुक्त निदेशक डॉ. राजकुमार शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह भाटी आदि ने शिक्षा मंत्री का अभिनंदन किया।
जानकारी के मुताबिक खबर लिखे जाने तक शिक्षा तथा पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के सभा कक्ष में शिक्षा और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रहे हैं।
संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी के मुताबिक बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, पंचायती राज और शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा की जाएगी। बैठक में जिला कलेक्टर, प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा निदेशक, संभाग के चारों जिलों के जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदि विभिन्न अधिकारी मौजूद रहेंगे।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी यहां एसकेआरएयू के आयोजन में भाग लेंगे। इसके बाद संभव है वे कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।





यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...