✍️
लोकसभा चुनाव : 2024
गायत्री देवी के बाद मंजू शर्मा
हवामहल का एक ही लाल भंवरलाल की लाडली
लोकसभा चुनाव का माहौल पूरी तरह से गरमाने लगा है। भाजपा ने जयपुर लोकसभा सीट पर लंबे समय बाद वर्ष 2024 के चुनाव में महिला प्रत्याशी पर दांव लगाया है। भाजपा महिला मोर्चा में कार्य कर अपनी पहचान बनाने वाली मंजू शर्मा को राजनीति जन्मघुट्टी के रूप में मिली है। इनके पिता भंवरलाल शर्मा ने जब भी जिस पद के लिए चुनाव लड़ा पराजित होना सीखा ही नहीं। हवामहल का एक ही लाल भंवरलाल के नाम से बच्चे-बच्चे से परीचित भंवरलाल शर्मा राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री और पार्टी के प्रदेशध्यक्ष रहे। पार्षद से नगर परिषद् के चेयरमैन रहे भंवरलाल शर्मा वर्ष 1977 से 2004 तक लगातार विधायक रहे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवक रहे भंवरलाल शर्मा की पुत्री मंजू शर्मा को स्वच्छ और ईमानदारी से जनसेवा का गुण पिता से विरासत के रूप में मिला है। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मंजू शर्मा को हवामहल सीट से विधायक का प्रत्याशी बनाया परंतु वे कांटे की टक्कर में कांग्रेस के बृज किशोर शर्मा से बहुत ही कम अंतर से हार गई। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद हताश होना नहीं सीखा और लगातार कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़ी रहीं। इसका फल उन्हें भाजपा नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाकर दिया।
यदि मंजू शर्मा चुनाव में जीत जाती हैं तो वे जयपुर राजघराने की पूर्व राजमाता रहीं गायत्री देवी के बाद दूसरी ऐसी महिला होंगी जिन्हें जयपुर का सांसद कहलाने का गौरव प्राप्त होगा। भाजपा ने भले ही पहली बार जयपुर से किसी महिला को टिकट दिया है, लेकिन कांग्रेस इनसे पहले वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में महिला प्रत्याशी के रूप में पूर्व महापौर रहीं ज्योति खंडेलवाल पर दांव लगा चुकी हैं। अब ज्योति खंडेलवाल भी भाजपा में है।
जयपुर लोकसभा सीट की बात की जाए तो यहां से महिला के रूप में लगातार तीन बार सांसद बनने का रिकॉर्ड गायत्री देवी के नाम और लगातार छह बार सांसद बनने का रिकॉर्ड गिरधारी लाल भार्गव के नाम है, जबकि सतीश चंद अग्रवाल, रामचरण बोहरा दो बार सांसद बने। सतीश चंद अग्रवाल व पंडित नवल किशोर शर्मा के अलावा अभी तक जयपुर से निर्वाचित कोई भी सांसद मंत्री नहीं बना। कांग्रेस के टिकट पर दौलत मल भंडारी, पंडित नवल किशोर शर्मा, डॉ. महेश जोशी एक-एक बार ही जयपुर से सांसद बने हैं। जयपुर से चौथी बार हवामहल विधानसभा क्षेत्र का निवासी सांसद बन सकता है। गायत्री देवी, गिरधारी लाल भार्गव महेश जोशी और मंजू शर्मा इसी क्षेत्र से हैं।
उमेन्द्र दाधीच
@ बिजनेस रेमेडीज



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...