*खबरों में बीकानेर*
टिड्डी दल की तरह घूम रहा ईडी दलः मुख्यमंत्री
नोखा, 2 नवम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रामेश्वर लाल डूडी हमेशा किसानों के लिए एक समर्पित नेता रहे हैं। उन्होंने अपने राजनैतिक जीवन में सदैव किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए हैं।
उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुशीला डूडी ने उनके विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए हामी भरी है।
टिड्डी दल की तरह घूम रहा ईडी दलः
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार पड़ोसी देश से टिड्डी दल राज्य में प्रवेश करता है, उसी प्रकार केन्द्र से ईडी दल लगातार राज्य में आ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिहं डोटासरा के घर बिना किसी केस के छापेमारी की गई है। उनके दोनों बेटो को नोटिस दिया गया है। आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत को भी दुबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है। देश के विभिन्न आर्थिक अपराधी आज विदेशों में बैठे हैं। ये बताता है कि ईडी की मारक क्षमता कम हुई है। हम ईडी की मजबूती चाहते हैं। आर्थिक भगोड़े पकड़े जाने चाहिए, परन्तु आज ईडी का दुरूपयोग राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के विरूद्ध किया जा रहा है। विपक्ष द्वारा शासित सभी राज्यों में यह प्रवृत्ती देखने में आ रही है।
चुनी हुई सरकारें की जा रही अस्थिर : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रायोजित षडयंत्रों के द्वारा भ्रष्टाचार एवं घोटालों के मिथ्या आरोप लगाकर तत्कालीन यूपीए सरकार को हराया गया। आज उन तथाकथित घोटालों की कहीं भी चर्चा नहीं है। वर्तमान केन्द्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश, कर्नाटक, मणिपुर, गोवा सहित विभिन्न राज्यों में चुनी हुई सरकारों को अस्थिर किया गया। जनता के आशीर्वाद से राजस्थान में उनका ये षडयंत्र कामयाब नहीं हो सका। इस तरह की प्रवृत्तियां लोकतंत्र के लिए हानिकारक हैं।




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...