शिक्षक में समाज को सुधारने की ताकत : सारस्वत
बीकानेर,
शिक्षक स्वाध्याय कर अपने को परिपूर्ण बना सकता है तथा एक आदर्श शिक्षक में समाज को सुधारने की ताकत होती है। ये उदगार मुख्य अतिथि तथा पूर्व संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा ओम प्रकाश सारस्वत ने शत प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करते हुए व्यक्त किए। वे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पवनपुरी दक्षिण विस्तार में एनएसजे नागरिक सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर स्कूल की अंग्रेजी की वरिष्ठ अध्यापिका विभा महर्षि,हिंदी की विमला मीणा तथा सामाजिक विज्ञान के रामकुमार डोटासरा को शत प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम देने पर शॉल, श्रीफल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए शाला प्रधान ने योगिता व्यास ने शिक्षक दिवस को हर शिक्षक के लिए गर्व और गौरव का उत्सव बताते हुए कहा कि हमारी ये जिम्मेदारी है कि हम देश की उन्नति के रास्ते के निर्माण के लिए ऐसी पीढ़ी को तैयार करें जो देश की नींव साबित हो। इस अवसर पर उप प्राचार्य रचना गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में योग गुरु विनोद जोशी, एडवोकेट के के व्यास, नागरिक सेवा फाउंडेशन के रामदेव आसोपा, घनश्याम मोदी,यशपाल आचार्य, विनोद शर्मा और रफीक अहमद उपस्थित थे। शाला परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह का संचालन कवयत्री मुक्ता तैलंग ने किया।





यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...