बीकानेर बना इस काम के लिए मॉडल : - अन्य राज्यों एवं जिलों में लागू करने का करेंगे प्रयत्न : सुश्री चौधरी
*झुग्गी-झौंपड़ियों में रहने वाले लोगों का सुरक्षित एवं सम्मानजनक पुनर्वास*
*राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार ने की सराहना*
*अन्य राज्यों एवं जिलों में लागू करने का करेंगे प्रयत्न: सुश्री चौधरी*
बीकानेर, 8 अगस्त। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार सुश्री अनु चौधरी ने श्रीगंगानगर रोड सहित विभिन्न स्थानों पर वर्षों से झुग्गी-झौंपड़ियां बनाकर रहने वाले लगभग आठ सौ परिवारों के सुरक्षित और सम्मानजनक पुर्नवास को सराहा। मंगलवार को चकगर्बी क्षेत्र के विजिट के दौरान उन्होंने कहा कि पूरे देश में यह अभिनव पहल है। ऐसा माॅडल अन्य प्रदेशों और जिलों में लागू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिले।
रजिस्ट्रार चौधरी ने जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल के साथ चकगर्बी क्षेत्र का दौरान किया। उन्होंने कहा कि प्रषासन द्वारा झुग्गी-झौंपड़ियों में रहने वाले लोगों के लिए प्रभावी व्यवस्था कर दी है। अब स्थानीय लोगों को चाहिए कि वे इनका लाभ उठाएं, जिससे उनके जीवन में और अधिक सुधार आ सके। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक पढ़ाने और स्थानीय नागरिकों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने बताया कि इन लोगों को जीवन यापन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके मद्देनजर यहां पानी, बिजली, सड़क, शौचालय जैसी आधारभूत व्यवस्थाएं की। सामुदायिक भवन बनवाया गया। स्कूल स्वीकृत करवाया गया। वर्तमान में सामुदायिक भवन में इसका अस्थाई संचालन शुरू कर दिया गया है। जल्दी ही दानदाताओं की मदद से यहां भव्य भवन बनाया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि यहां के शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर सर्वे किया जाए। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी के तहत महिलाओं को रोजगार के लिए आवेदन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दस पक्के मकानों का निर्माण पूर्णता की ओर है। शेष सभी पात्र आवेदन भारत सरकार को भिजवा दिए गए हैं। इनकी स्वीकृति जल्दी ही आने की संभावना है। बच्चों के आवष्यक दस्तावेज बनवाने वाली संस्था को यह कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देष दिए।
इस दौरान रजिस्ट्रार चौधरी और जिला कलक्टर कलाल ने स्कूल में अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात की और पढ़ाई से संबंधित फीडबैक लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। श्रीगंगानगर रोड स्थित झुग्गी-झौंपड़ियों में रहने वाली काजल और षिवानी ने यहां पुनर्वास के बाद जीवन स्तर में आए सकारात्मक बदलाव के बारे में बताया।
इस अवसर पर नगर विकास न्यास सचिव मुकेश बारठ, बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक कविता स्वामी, जय भारत संस्थान के दिनेश पांडे, मोनिका गौड़, अधिशाषी अभियंता राजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
*राष्ट्रीय निगमों में ऋण आवेदन 31 अगस्त तक*
बीकानेर, 8 अगस्त। राजस्थान अनुसूचित जाति, जनजाति, वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड द्वारा विभिन्न वर्गों के पात्र व्यक्ति स्वरोजगार के लिए ऋण हेतु 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं । अनुजा निगम के सहायक परियोजना प्रबंधक अरविंद आचार्य ने बताया कि निगम द्वारा दिए जाने वाले ऋण हेतु अनुसूचित जाति , जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग , स्वच्छकार तथा दिव्यांग वर्ग के व्यक्ति पात्रता रखते हैं। ऋण लेने के इच्छुक पात्र व्यक्ति अपनी स्वयं की एस एस ओ आईडी के माध्यम से वेब पोर्टल अनुजा निगम पर स्वयं या ईमित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ जन आधार , आधार कार्ड , शैक्षणिक योग्यता , अनुभव , आय, जाति प्रमाण पत्र, विशेष योग्यजन प्रमाण पत्र ,राशन कार्ड तथा लाइसेंस सहित सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।
*अतिरिक्त आबकारी आयुक्त ने जोन के आबकारी अधिकारियों की ली बैठक*
*बाकीदारों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश*
बीकानेर, 8 अगस्त। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त एएच गौरी ने मंगलवार को आबकारी जोन के अधीनस्थ जिलों (बीकानेर, चूरु, हनुमानगढ़ और श्रीगंगनगर) के आबकारी अधिकारियों, निरीक्षकों और निरोधक दल के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान मदिरा के उठाव, राजस्व प्राप्ति, एनमेस्टी योजना के तहत लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा आबकारी थाना एवं वृत्तवार निरोधात्मक गतिवधियों की समीक्षा की।
इस दौरान गौरी ने कहा कि विभाग द्वारा चलाई जा रही एमनेस्टी योजना के तहत बकाया राशि वसूली की समस्त कार्यवाही करने के उपरान्त भी बाकीदार द्वारा बकाया राशि जमा न कराए जाने को गंभीरता से लिया जाए। ऐसे व्यक्ति के विरूद्ध सरकार के साथ धोखाधड़ी, राजकीय कार्य को प्रभावित करने का प्रकरण सम्बन्धित थाने में दर्ज कराया जाए। साथ ही बाकीदार की ज्ञात सम्पत्तियों की कुर्की कर सार्वजनिक नीलामी करवाई जाए।
उन्होंने जुलाई तक के मदिरा उठाव में कमी को गंभीरता से लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे अनुज्ञाधारी जो निर्धारित मात्रा में मदिरा उठाव नहीं कर रहे हैं, उनके विरूद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की जाए। अवैध मदिरा परिवहन में प्रयुक्त होने वाले वाहनों को पुलिस विभाग की तुलना में आबकारी विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में नहीं पकड़े नहीं जाने को उन्होंने गंभीरता से लिया। इसके लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत कर जोन के चिन्हित रास्तों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग करने के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही विभाग को आवंटित राजस्व लक्ष्यों, अभियोगों एवं मदिरा उठाव के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के लिए कहा।
*नाबार्ड द्वारा सहकारी समिति के लिए आय का नया स्त्रोत बनाने पर विचार–राजीव सिवाच*
बीकानेर, 8 अगस्त। नाबार्ड द्वारा ग्रामीण विकास में सहकारी समितियों को योगदान प्रदान करने के लिए खाजूवाला में ग्रामीण हाट मुख्य महाप्रबंधक राजीव सिवाच के हाथों गुल्लूवाली सहकारी समिति को समर्पित किया गया।
उदघाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि नाबार्ड द्वारा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर जिले में सहकारी समितियों को सहयोग प्रदान करते हुए किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले, इसके लिए ग्रामीण हाट बनवाया गया है।
सहकारी समिति द्वारा ग्रामीण हाट के माध्यम से सीधे खरीदारों को कृषि उत्पाद बेचने का अवसर प्राप्त होगा तथा सहकारी समिति को भी आय का नया स्त्रोत मिलेगा। ग्रामीण हाट बाजार के माध्यम से सहकारी समितियां किसानों को केसीसी ऋण के साथ उत्पादों को विक्रय का माध्यम भी बन सकेगी तथा सीधे खरीदार के साथ संपर्क स्थापित करते हुए अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकेगी।
इसी क्रम में नाबार्ड द्वारा खाजूवाला में सरसों पर भारत सरकार की दस हजार किसान उत्पादक योजना के अंतर्गत बनाये गए किसान उत्पादक संगठन के प्रतिनिधियों को भी ग्रामीण हाट के माध्यम से जुडकर कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचने हेतु निर्देशित करते हुए किसान उत्पादक संगठन को भारत सरकार की योजनाओं के अनुकूल काम करने हेतु जिला विकास प्रबंधक को निर्देशित किया। खाजूवाला में किसानों के उत्पादों व खरीदारों के लिए उचित मंच प्रदान करने पर अध्यक्ष, सहकारी समिति द्वारा डॉ. राजीव सिवाच को साधुवाद प्रदान करते हुए प्रसंस्करण यूनिट की स्थापना में सहकारी समिति के योगदान के बारे में बताया। ग्रामीण हाट के उदघाटन कार्यक्रम के दौरान बीकानेर केन्दीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक तथा संयुक्त रजिस्ट्रार राजेश कुमार टाक द्वारा सहकारी समितियों की बढ़ती महत्ता के बारे में बताते हुए गुल्लूवाली सहकारी समिति के लिए बनाए गए रुरल हाट को अन्य सहकारी समितियों के रोल मॉडल के रुप में बताया। साथ ही उन्होंने सहकारी समितियों के लिए इस योजना के साथ-साथ नाबार्ड की ग्रामीण भंडारण (आईएसएएम) तथा भारत सरकार की कृषि अवसंरचना निधि के माध्यम से सहकारी समितियों को ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में भागीरथ ज्याणी, अध्यक्ष बीकानेर केन्द्रीय सहकारी बैंक, श्री सत्येन्द्र विश्नोई तथा गुल्लूवाली से 200 किसानों द्वारा सहभगिता की गई। कार्यक्रम का संचालन रमेश ताम्बिया द्वारा किया गया।
*उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का होगा राज्य स्तरीय महोत्सव के लिए चयन*
*जिला स्तरीय महोत्सव में 362 प्रतिभागियों ने निभाई सहभागिता* बीकानेर, 8 अगस्त। राजकीय चौपड़ा उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहा दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव मंगलवार को कई प्रतियोगिताओं के साथ संपन्न हुआ।
समापन समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव अंबेडकर फाउंडेशन के महानिदेशक मदन गोपाल मेघवाल ने युवा महोत्सव को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं के हुनर पहचानने का मंच बताया। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से लुप्त हो रही विभिन्न कलाओं से नई पीढ़ी परिचित होगी और इनके सरंक्षण का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
गजेंद्र सिंह सांखला ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल हुए प्रतिभागियों को बधाई दी तो असफल रहे प्रतिभागियों को निराश नहीं होने और दुगुने जोश से अपना लक्ष्य प्राप्त करने की सलाह दी।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में पूरे जिले से 362 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी निभाई। मंगलवार को 193 प्रतिभागियों ने सामूहिक लोकनृत्य, कत्थक , चित्रकला, पोस्टर बनाना, मिट्टी मॉडलिंग, फोटोग्राफी, फड़ कला, मांडना, कठपुतली आदि कलाओं की प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिला महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राजस्थान युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर एडीईओ सुनील बोड़ा, ओमप्रकाश गोदारा, एडीपीसी गजानंद सेवग, एपीसी कृष्ण मोहन शर्मा, कैलाश धवल , कार्यक्रम अधिकारी शिव शंकर चौधरी, ज्ञानेंद्र सिंह चौहान तथा चौपड़ा स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
*राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल*
*चौथे दिन जारी रही खेल प्रतियोगिताएं, जिला कलक्टर ने दुसारणा में किया अवलोकन*
बीकानेर, 8 अगस्त। राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों की ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रही। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर गांव-गांव तक हर उम्र के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह से भागीदारी निभाई। मंगलवार को भी रस्साकस्सी, कबड्डी, टेनिस बाॅल क्रिकेट और खो-खो के प्रति क्रेज देखा गया। बालिकाओं ने भी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सालिया तो महिलाओं ने भी रस्साकस्सी में हाथ आजमाया। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने श्रीडूंगरगढ़ के दुसारणा पुण्डरीक में खेलों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों के मध्य कबड्डी के मैच का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से यह खेल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खिलाड़ी सकारात्मक खेल प्रदर्शन करते हुए ब्लाॅक और जिला से लेकर राज्य स्तर तक पहुंचने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘खेलेगा राजस्थान, जीतेगा राजस्थान’ के उद्देष्य से यह खेल आयोजित करवाए जा रहे हैं। इनमें खेलने वाले खिलाड़ी हार और जीत से प्रभावित हुए बिना सकारात्मक स्पर्धा से खेलें। इस दौरान जिले भर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। लोक कलाकारों के साथ स्कूली विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी। विभिन्न स्थानों पर खिलाड़ियोंने खेल भावना बनाए रखने के लिए ई-शपथ ली। बुधवार को लगातार पांचवें दिन यह मुकाबले होंगे। जिला कलक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से इन खेलों के दौरान किए जा रहे प्रबंधन का फीडबैक लिया और कहा कि संबंधित प्रभारी खेल मैदानों का जायजा ले और यह सुनिश्चित करे कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
*मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी कार्यालयों में नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी*
*अतिरिक्त समन्वय से कार्य करने के निर्देश*
बीकानेर , 8 अगस्त। मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने सभी राजकीय कार्यालयों में एक -एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में जारी आदेशानुसार मच्छरों की ट्रांसमिशन श्रृंखला को तोड़ने के लिए मच्छर रोधी गतिविधियां आयोजित करने के साथ-साथ जन सहभागिता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक रविवार को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया पर वार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सा विभाग द्वारा घर-घर सर्वे के लिए टीमें नियुक्ति की जाएंगी तथा इन टीनों द्वारा घर-घर बुखार के रोगियों का सर्वे कर एंटी लारवा व एंटी अडल्ट गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
इस दौरान स्थानीय निकायों को नाले- नालियों की साफ-सफाई के साथ-साथ सड़क पर बने गड्ढों को भरने , फोगिंग करने तथा चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को सर्वे में सहयोग करने की भी निर्देश दिए गए हैं। समस्त अस्पतालों में डेंगू की जांच रिपोर्ट प्रतिदिन चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी को भिजवाने, शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को जागरूक करने सहित इन कार्यों में स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
*जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक 17 अगस्त को*
बीकानेर, 8 अगस्त। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक 17 अगस्त (तृतीय गुरूवार) को प्रातः 10.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के सचिव सबीना बिश्नोई ने दी तथा बताया कि बैठक में कुल 13 प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी।
*खिलाड़ियों ने ली शत प्रतिशत मतदान की शपथ*
*एक दिन में 395 क्लस्टर क्षेत्रों में हुए कार्यक्रम*
बीकानेर, 8 अगस्त। राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलो के तहत जिले के 395 क्लस्टर क्षेत्रों के गांव-गांव और शहरों के हजारों खिलाड़ियों और मतदाताओं ने मंगलवार को मतदान की शपथ ली और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने सोमवार को इस संबंध में निर्देश दिए थे। जिसकी अनुपालना में जिले भर में एक साथ यह नवाचार हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर ईवीएम वीवीपीएटी का प्रदर्शन भी किया गया। नव मतदाता इसके प्रति खासे उत्साहित दिखे। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले की 366 ग्राम पंचायतों एवं 29 शहरी क्लस्टरों में के मैदानों पर शपथ कार्यक्रम आयोजित हुए।
मतदाता जागरूकता अभियान की प्रभारी एवं जिला परिषद की सीईओ नित्या के ने बताया कि आमतौर पर 18 वर्ष के मतदाता को पहली बार ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन देखने का मौका मतदान के दौरान ही मिलता हैै, लेकिन इस अभियान के माध्यम से 17 एवं 18 वर्ष की उम्र के किशोर एवं युवाओं को माॅक पोल व मतदान की शपथ के माध्यम से इस अभियान जोड़ा जा रहा है । इस दौरान मतदाता जागरूकता रथ शहरी क्षेत्र के कई मैदानों पर पहुंचा और स्वीप टीम के सदस्यों ने ईवीएम वीवी पैट मशीनों का प्रदर्शन किया और खिलाड़ियों को मतदान से जुड़ी जरूरी बातें बताई। बीकानेर पूर्व और पश्चिम की स्वीप टीम द्वारा स्टार ट्रेक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट विवेकानंद स्कूल, सादुल स्पोर्ट्स स्कूल और वेटरनरी कॉलेज के खेल मैदान में ईवीएम वीवीपेट का प्रदर्शन किया गया। एएलएमटी हरिहर राजपुरोहित ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी।
*89 गांवों में अपशिष्ट प्रबंधन हेतु 994.52 लाख रुपए होंगे व्यय*
*डीपीआर का किया गया अनुमोदन*
बीकानेर, 8 अगस्त। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत जिले के 89 गांवों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 9 करोड़ 94 लाख रुपए से अधिक की डीपीआर का अनुमोदन किया गया है ।
जिला परिषद में इस संबंध में मंगलवार को आयोजित समिति की बैठक में इस डीपीआर का अनुमोदन किया गया । जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के ने बताया कि 89 गांवों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 6 करोड़ 89 लाख 22 हजार रुपए किए जाएंगे ,जबकि तरल अपशिष्ट प्रबंधन हेतु 3 करोड़ 8 लाख 38 हजार रुपए से अधिक की राशि का अनुमोदन किया गया है । इसके तहत एक करोड़ 88 लाख 67 हजार रुपए स्वच्छ भारत मिशन के तहत, 6 करोड़ 34 लाख 86 हजार एफएफसी के तहत तथा एक करोड़ 74 लाख से अधिक की राशि मनरेगा के तहत व्यय करने की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के कि इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर 261 कचरा पात्र रखवाए जाएंगे। 103 सामुदायिक खाद नैडेप , 2 हजार 267 मैजिक पिट , 232 मीटर लंबी नालियां, 32 आर आर सी तथा कचरा परिवहन के 72 कार्य संपादित करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही जिले के समस्त गांवों में ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए डीपीआर का अनुमोदन कर दिया गया है। इसके अनुसार समस्त गांवों में स्वच्छता की दिशा में काम करवाए जा रहे हैं।




यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...