Home / Bikaner / Latest / Rajasthan / Events / Information
© खबरों में बीकानेर
https://bahubhashi.blogspot.com
https://bikanerdailynews.com
®भारत सरकार UDAYAM REGISTRATION NUMBER RJ-08-0035999
🌞:
औरों से हटकर सबसे मिलकर
✍️
नगर के छ: शायरों का सम्मान और तरही मुशायरा सम्पन्न
बीकानेर 28 दिसंबर 2022
बज़्मे-वली लालगढ़ की जानिब से मशहूर शायरा मरहूम परवीन शाकिर की बरसी पर उनकी याद में उनकी ग़ज़ल के मिसरे 'इतनी तो सूझबूझ मेरे बाग़बां में है' पर केंद्रित तरही मुशायरा महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम नागरी भंडार में संपन्न हुआ। मुशायरे में तक़रीबन डेढ़ दर्जन शायरों ने भागीदारी की ग़ज़लों से परवीन शाकिर को ख़िराजे अक़ीदत पेश की।
संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद इस्हाक़ ग़ौरी 'शफ़क़' ने बताया कि इस अवसर पर बज़्मे वली की तरफ से नगर के छः शायरों क़ासिम बीकानेरी, मुफ़्ती अशफ़ाक़ ग़ौरी 'उफ़क़', अमित गोस्वामी, निर्मल कुमार शर्मा, अब्दुल जब्बार 'जज़्बी' और सालिक 'इरम' को परवीन शाकिर सम्मान 2022 से सम्मानित किया गया।
सम्मान के क्रम में संस्था द्वारा सभी शायरों को माल्यार्पण, शॉल,साफा, चांदी का सिक्का, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट किया गया। सम्मानित शख्सियतों का परिचय शायर ज़ाकिर 'अदीब' ने प्रस्तुत किया। सम्मान से अभिभूत होते हुए सभी शायरों ने संस्था को साधुवाद दिया ।
संस्था के सचिव युवा शायर माजिद ख़ान ग़ौरी 'माजिद' ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अज़ीज़ अहमद सुलेमानी ने की । सुलेमानी ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए कहा कि संस्था ने प्रतिभाओं का सम्मान करके उनकी हौसला अफ़ज़ाई की है इसके लिए संस्था बधाई की पात्र हैं।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ राजस्थानी कवि कथाकार कमल रंगा ने कहा कि बीकानेर की उर्दू शायरी काफी समृद्ध है यहां के शायरों को उर्दू गद्य सृजन की तरफ भी ध्यान देना चाहिए। बज़्मे वली संस्थान का प्रयास सराहनीय है।
तरही मुशायरे में वली मोहम्मद ग़ौरी, रवि शुक्ल, इमदाद उल्लाह 'बासित', बुनियाद 'ज़हीन', डॉ. ज़ियाउल हसन क़ादरी, असद अली असद, सागर सिद्दीक़ी, हनुमंत गौड़ 'नज़ीर',मुइनुद्दीन 'मुईन' और गुलफ़ाम हुसैन 'आही'के साथ सम्मानित शायरों ने भी ने अपनी तरही ग़ज़लें पेश की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में परवीन शाकिर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर मोहम्मद इस्हाक़ ग़ौरी शफ़क़' ने अपनी बात रखी।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शायर ज़ाकिर 'अदीब' ने किया। सभी का आभार मोहम्मद इस्माइल ग़ौरी ने ज्ञापित किया।





यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...