खबरों में बीकानेर
औरों से हटकर सबसे मिलकर
श्री करणी माता धाम में शीश नवाकर उपराष्ट्रपति धनखड़ ने मांगी विश्व के लिए शांति
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विश्व प्रसिद्ध देशनोक मंदिर में मां करणी के किए दर्शन
विश्व शान्ति के लिए की प्रार्थना
श्री करणी माता धाम में शीश नवाकर उपराष्ट्रपति धनखड़ ने मांगी विश्व के लिए शांति
बीकानेर 25 सितम्बर। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी बीकानेर यात्रा के दौरान रविवार को विश्व प्रसिद्ध देशनोक मंदिर में करणी माता के दर्शन किए। उप राष्ट्रपति ने वहां विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती कर विश्व शान्ति के लिए प्रार्थना की। उप राष्ट्रपति की धर्म पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ ने भी मां करणी के दर्शन कर, पूजा-अर्चना की।
उप राष्ट्रपति का करणी माता मंदिर पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उप राष्ट्रपति ने मां करणी की गुफा में पूजा की। इस अवसर पर मंदिर प्रन्यास के पदाधिकारियों ने उप राष्ट्रपति को मां करणी पर लिखित साहित्य, फोटो तथा प्रसाद भेंट किया और मंदिर के ऐतिहासिक परिपेक्ष्य के बारे में जानकारी दी।
उप राष्ट्रपति के साथ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, एग्रो मार्केटिंग डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामेश्वर डूडी, नोखा विधायक बिहारी लाल बिश्नोई ने मां करणी के दर्शन किए।
इस अवसर पर श्री करणी मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष बादल सिंह, उपाध्यक्ष सीतादान, पूर्व अध्यक्ष कैलाश दान, देशनोक पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश मूंधड़ा, प्रन्यासी आसूदान,अशोक दान, वासुदेव, अध्यक्ष चारण महासभा भंवर दान सहित अन्य प्रन्यासी व प्रन्यास के पूर्व अघ्यक्ष ने उपराष्ट्रपति की अगवानी की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओम प्रकाश, अतिरिक्त आयुक्त आबकारी अजीत सिंह राजावत सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
----







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...