सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ हो-गौतम
बीकानेर, 3 अक्टूबर। जिला कलक्टर व न्यास अध्यक्ष कुमार पाल गौतम ने कहा कि नगर विकास न्यास द्वारा करवाए जा रहे निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ हो जाएं, साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा के पक्के बंदोबस्त होने चाहिए।
न्यास द्वारा अब तक करवाए जा रहे कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने हिदायत दी कि सभी कार्य अब तत्काल पूर्ण हो जाएं अन्यथा सम्बंधित अभियंता के विरूद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। गौतम गुरूवार को कलक्ट्रेट सभागार में नगर विकास न्यास द्वारा करवाए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अभियंता अपने-अपने क्षेत्र में जाकर चल रहे निर्माण कार्यों की अब तक की प्रगति रिपोर्ट शुक्रवार दोपहर तक सचिव के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे तथा 10 अक्टूबर से सभी अभियंता बारी-बारी से प्रतिदिन अपने कार्य की प्रगति से सायं 6 बजे अवगत कराएंगे। उन्होंने कोठारी अस्पताल से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्ग के पिछले कई दिनों से टूटे होने पर नाराजगी जताते हुए सम्बंधित क्षेत्र के अभियंताओं को कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग का यह क्षतिग्रस्त हिस्सा ठीक नहीं हुआ तो निगम, न्यास, पीडब्ल्यूडी और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के विरूद्ध राजकीय सेवा नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी।
गौतम ने कहा कि शहर के जिन क्षेत्रों में सीवरेज का कार्य हो गया है वहां घरेलू कनेक्शन देकर सड़क का निर्माण शीघ्र किया जाए। इसके लिए नगर निगम, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और न्यास के द्वारा सम्बंधित क्षेत्र में कैम्प लगा कर घरेलू कनेक्शन का कार्य शीघ्र करें। कैम्प में जलदाय विभाग के अभियंता उस क्षेत्र के सभी कनेक्शनधारियों से दस्तावेज लेकर आएंगे ताकि पानी जिनका कनेक्शन होनेा है उन सबके सीवरेज का भी कनेक्शन हो जाए तथा इसकी प्रविष्टि कर ली जाए जिससे निगम को आय भी हो सकेगी। साथ ही एक साथ कनेक्शन हो जाने से बार-बार सड़क क्षतिग्रस्त नहीं होगी।
लक्ष्मीनाथ मंदिर व सूरसागर सफाई कार्यों की धीमी गति पर निर्देश
जिला कलक्टर गौतम ने लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर तथा सूरसागर के कार्य की धीमी गति से होने पर सम्बंधित अभियंताओं से कहा कि दोनों स्थानों पर समस्त कार्य अगले दो दिनों में पूर्ण हो जाने चाहिए। सूरसागर से पानी निकालने का कार्य जैसे ही पूर्ण होता है तत्काल सौन्दर्यकरण सहित अन्य पुननर्वीकरण कार्य प्रारम्भ किया जाए। इसी प्रकार लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर के पार्क व फुटपाथ मरम्मत के 28 लाख रुपए के कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर दिए जाएं।
सूरसागर में पानी ना आए इसके लिए बनाएं कार्ययोजना
जिला कलक्टर ने कहा कि सूरसागर में बारिश का गंदा पानी ना आए इसके लिए आयुक्त निगम की नेतृत्व में यूआईटी, निगम, पीडब्ल्यूडी तथा आरयूआईडीपी के वरिष्ठ अभियंता मिलकर एक कार्ययोजना बनाएं ताकि बारिश के गंदे पानी को सूरसागर आने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में आयुक्त निगम पूरी माॅनिटरिंग करें। पूर्ण इच्छा शक्ति के साथ इस सम्बंध में कार्य योजना बनाए ताकि इस योजना का क्रियान्वयन से ड्रैनेज सिस्टम को ठीक किया जा सके तथा सूरसागर में गंदा पानी ना आए। उन्होंने कहा कि इसे ठीक करने के लिए संसाधन, पैसे की कोई कमी नहीं है, केवल इच्छाशक्ति की आवश्कता है।
सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था व पब्लिक पार्क बने बेहतर
गौतम ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अगले दो दिनों में रात में अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर देखेंगे कि जहां भी प्रकाश व्यवस्था सही नहीं है वहां प्रकाश व्यवस्था सही करवाएं। पब्लिक पार्क में सफाई के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था भी सही रहे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रवीन्द्र रंगमंच में साउंड सिस्टम को भी दुरुस्त किया जाए। सिविल लाइन्स में भी टूटी सड़कों और नालियों के मरम्मत कार्य पूर्ण करवाए जाएं।
गारंटी अवधि सीमा में आने वाली सड़कों की सूची हो चस्पा
न्यास अध्यक्ष ने कहा कि न्यास सचिव सुनीता चैधरी और अधिशाषी अभियंता श्रवण कुमार को निर्देश दिए कि शहर में ऐसी सभी सड़कें जो गारंटी अवधि सीमा के तहत आती है, उनकी सूची सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की जाए ताकि आमजन ऐसी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना दे सकें और सम्बंधित ठेकेदार से इन सड़कों की मरम्मत करवाई जा सके। अगर ठेकेदार इसमें किसी तरह की आनाकानी करता है तो उसकी धरोहर राशि जब्त करते हुए मरम्मत करवाएं। उन्होंने सचिव को सख्त हिदायत दी कि सूची सूचना केन्द्र सहित प्रमुख स्थानों पर चस्पा हो तथा समाचार पत्रों में भी प्रकाशित करवाई जाए।
चायपट्टी का कार्य होगा रात
जिला कलक्टर ने कहा कि शहर के अंदरूनी भाग चायपट्टी वाल टू वाल सड़क व नाली निर्माण कार्य तेज गति से करने के लिए यह कार्य रात में किया जाए ताकि यातायात व आमजन के आवागमन से निर्माण कार्य बाधित ना हो। बैठक में निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे सहित यूआईटी के सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।
------
65वाॅं वन्य प्राणी सप्ताह
विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को दी जानकारी
बीकानेर, 03 अक्टूबर। वन्यप्राणी सप्ताह के गुरूवार को श्रीअग्रवाल माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को वन्य प्राणी विशेषज्ञ एवं वन अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई ।
डूंगर काॅलेज के प्रोफेसर प्रतापसिंह ने वन्यजीवों के प्रकार, जीव की पृथ्वी पर उत्पत्ति, वन्य प्राणियों की आदते, जन जीवन का उनके प्रति पाले गये भ्रम, राजस्थान में वन्यजीवों की प्रजातियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान में 65 प्रकार के वन्यजीव, 260 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां है।
संभागीय मुख्य वन संरक्षक एम.के. अग्रवाल ने वन्य प्राणियों के महत्व व मानव जीवन में उनकी जरूरत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर जितना अधिकार मानव का है उतना ही वन्य प्राणियों को भी जीने का अधिकार है। अग्रवाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञाशाओं का प्रत्युत्तर दिया।
उप वन संरक्षक, इगानप, स्टेज-ाा, बीकानेर भीमसिंह सोलंकी ने बताया कि खाद्य श्रृंखला में हर जीव का अपना महत्व है। पर्यावरण संतुलन बनाये रखने के लिए सभी जीवों का होना जरूरी है। यदि मांसाहारी जीव शेर, बाघ नहीं होंगे तो शाकाहारी जीव हिरण, नीलगाय आदि की संख्या बढ जायेगी व चारे का अभाव हो जायेगा । यदि सांप कम हुये तो चूहों की संख्या बढ जायेगी, फलस्वरूप फसलों को नुकसान होगा। उन्होंने निर्माणाधीन बायोलाॅजिकल पार्क एवं प्रसिद्ध जोडबीड कंजरवेशन रिजर्व के बारे में जानकारी दी।
सेवानिवृत उप वन संरक्षक रामनिवास कुमावत ने कहा कि गिद्ध के संबंध में जोडबीड का नाम विश्व में प्रसिद्ध होने लगा है, उन्होंने वन्य प्राणी सप्ताह के उद्देश्य को समझने व अपने आस-पास के सभी बच्चों को इस उद्देश्य को समझाने का बच्चों से आग्रह किया। उप वन संरक्षक, वन्यजीव ने बताया कि विभाग द्वारा वन्यजीव सप्ताह मनाने के दौरान जागरूकता अभियान की सफलता तब ही है जब बच्चे अपने आस-पास के सभी बच्चों को वन्य प्राणियों का महत्व बताये। इसी कडी में 4 व 5 अक्टूबर को गीता चिल्ड्रन विद्यालय में स्लाइड शो द्वारा विद्याथ्रियों को जानकारी दी जायेगी।
📒 📰 📑 पढ़ना और पढ़ाना जीवन सफल बनाना 📚 📖 📓



यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...