✍️
मतदान के प्रति जागरूकता के लिए पहली बार आयोजित होगा 'स्वीप फूड कार्निवल'
सबसे बड़ा मतदान समौसा, पनीर कोफ्ता, संदेश, ब्रेड, पनीर, घेवर और अनेक पकवान होंगे खास
*चार अप्रैल को मसाला चौक में होगा आयोजन, संगीत की सुमधुर लहरियों के बीच शहरवासी लेंगे स्वाद का आनंद और मतदान की शपथ*
बीकानेर, 29 मार्च। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बीकानेर में पहली बार स्वीप फूड कार्निवल आयोजित होगा। मसाला चौक में 4 अप्रैल को सायं 5 से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्निवल में सबसे बड़ा मतदान समोसा, पनीर, कोफ्ता, संदेश, पापड़, घेवर, ब्रेड, गुलाब जामुन, सोहन पापड़ी, बंगाली मिठाईयां और केक विशेष आकर्षण के केंद्र रहेंगे। इस दौरान शहर के हजारों लोग बीकानेरी स्वाद का लुत्फ उठाने के साथ 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में मतदान करने की शपथ लेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि के निर्देश पर नवाचार के तौर पर पहली बार यह आयोजन होगा। इसमें बीकानेर को विशेष पहचान दिलाने वाले उद्यमियों द्वारा अनेक नवाचार किए जाएंगे।जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रभारी सोहनलाल ने बताया कि बीकानेर खानपान के लिए देश और दुनिया में विशेष पहचान रखता है। यहां के रसगुल्ले, पापड़ और भुजिया सहित विभिन्न व्यंजन देश भर में प्रसिद्ध हैं। इनके माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की उद्देश्य से पहली बार यह आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि फूड कार्निवल में विभिन्न लोक गीतों और निर्वाचन से जुड़े गीतों द्वारा भी मतदान का संदेश दिया जाएगा। कार्निवल के दौरान मतदान के प्रति जागरूकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी तथा विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके मद्देनजर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में शहर के उद्यमियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्निवल के दौरान किए जाने वाले नवाचारों पर चर्चा हुई। उद्यमियों द्वारा विभिन्न सुझाव दिए गए। वहीं सभी ने शत प्रतिशत मतदान की शपथ ली।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्वीप नोडल अधिकारी आरसीएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा और भानु प्रताप सिंह गहलोत, स्वीप सह प्रभारी हरि शंकर आचार्य, गोपाल जोशी, मालकोश आचार्य आदि मौजूद रहे।
*फूड कार्निवल में रहेगी इनकी भागीदारी*
फूड कार्निवल में अंबरवाला, पूजा बेकरी, भीखाराम चांदमल, द्वारिका रेस्टोरेंट, सरस डेयरी, बिशन लाल बाबूलाल, प्रेम नमकीन भंडार, लालजी, बीएनबी स्वीट्स, बीकाजी, खाओसा, छप्पन भोग, रूपचंद मोहनलाल, श्रीराम पापड़ और मोदी डेयरी द्वारा विभिन्न नवाचार किए जाएंगे।



Comments
Post a Comment
खबर आपकी नजर में... कमेंट करके बताएं