ऊर्जा मंत्री ने किया पलाना में आयोजित शिविर का अवलोकन सरकार की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लोगों को पहुंचाएं लाभ-भाटी
खबरों में बीकानेर
*औरों से हटकर सबसे मिलकर
*
✍🏻
ऊर्जा मंत्री ने किया पलाना में आयोजित शिविर का अवलोकन
सरकार की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लोगों को पहुंचाएं लाभ-भाटी
बीकानेर, 30 नवंबर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने मंगलवार को पलाना में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों की स्टाॅल्स का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को पूर्ण गंभीरता से कार्य करते हुए सरकार की मंशा के अनुसार आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अधिकतर ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन हो चुका है। इनमें ग्रामीणों के वर्षों से अटके हुए कार्य हुए हैं। आगे भी यह गति बरकरार रहे तथा अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को इन शिविरों का लाभ हो। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार पूर्व में वर्ष 2012-13 में भी ऐसे शिविर आयोजित हुए। एक बार फिर अधिकारी गांव-गांव पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों को चाहिए कि वे भी इनका भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भी इन शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं। मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी इनकी माॅनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारी भी इन शिविरों का मुआयना कर रहे हैं। इसके पीछे मंशा यही है कि आमजन को राहत मिले। उन्होंने कहा कि पलाना को कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित नहीं रहे। राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण हो। शिविर के दौरान पलाना में आबादी विस्तार के लगभग 200 बीघा के प्रस्ताव प्राप्त हुए। वहीं मंत्री भाटी ने पालनहार योजना के तहत दस पात्रजनों को लाभांवित किया। इस दौरान 52 आवासीय पट्टे वितरित किए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 54 आवास स्वीकृतियां दी गई। दो ट्राईसाइकिलों का वितरण किया गया। इस दौरान मंत्री भाटी ने आमजन की समस्याएं सुनी तथा कहा कि राज्य सरकार द्वारा समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों के बारे में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार बिश्नोई, विकास अधिकारी दिनेश कुमार, लक्ष्मण कड़वासरा आदि मौजूद रहे। इससे पहले ऊर्जा मंत्री ने देशनोक स्थित ऐतिहासिक करणी माता मंदिर में दर्शन तथा पूजा अर्चना की एवं प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली की कामना की।
-----
C P MEDIA
खबरों में बीकानेर
पढ़ते रहें, पढ़ाते रहें

Comments
Post a Comment
खबर आपकी नजर में... कमेंट करके बताएं