कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुस्तैद रहें सभी व्यवस्थाएं जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
खबरों में बीकानेर
*औरों से हटकर सबसे मिलकर
*
✍🏻
कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुस्तैद रहें सभी व्यवस्थाएं
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
बीकानेर, 30 नवंबर। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि कोविड संक्रमण दर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। मेहता ने मंगलवार को कलेक्ट्रट सभागार में कोविड संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। ऐसे में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले अन्य स्थानों पर जांच का दायरा बढ़ाने के साथ रेंडम सैंपल भी लिए जाएं।
दो दिन में देनी होगी कंसंट्रेटर संबंधी रिपोर्ट
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी पीएचसी और सीएचसी पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर चालू स्थिति में रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी कंसंट्रेटर्स की टेस्टिंग अगले दो दिनों में करवाते हुए रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए। किसी भी स्तर पर कोई कमी है, तो उसे तत्काल फंक्शनल करवाना सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने कहा कि 15 दिसंबर तक सभी ऑक्सीजन प्लांट कार्य करने की स्थिति में आ जाएं। सीएचसी और पीएचसी लेवल पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिलवाया जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
जिला कलेक्टर ने पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ परमेन्द्र सिरोही को एमसीएच ब्लॉक को फिर से कोविड-19 मरीजों की सुविधा के लिए तैयार करवाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लिक्विड ऑक्सीजन टैंक आदि की भी टेस्टिंग समय करवा लें, अगले 10 से 15 दिनों में सिस्टम सुचारू हो जाए यह सुनिश्चित किया जाए।
कोविड वैक्सीनेशन की स्थिति की समीक्षा करते हुए मेहता ने कहा कि जिले में वेक्सीनेशन की द्वितीय डोज की प्रगति धीमी है इस पर विशेष ध्यान दें। घर-घर दस्तक जैसे कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
पुलिस थानों, जांच दलों को दें मास्क
जिला कलक्टर ने पुलिस कर्मियों के लिए पर्याप्त संख्या में मास्क उपलब्ध करवाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में आने वाले लोगों को मास्क वितरित किए जाएं जिससे मास्क पहनने के प्रति लोग फिर से संवेदनशील बनें और संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। जिला कलक्टर ने कहा कि जिन स्थानों पर पॉजिटिव रोगी मिल रहे हैं, उन क्षेत्रों को मिनी कन्टेनमेंट जोन घोषित किया जाए।
*एरिया मजिस्ट्रेट करें भ्रमण*
जिला कलेक्टर मेहता ने कहा कि कोविड-19 गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए सभी एरिया मजिस्ट्रेट नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का पुलिस के दलों के साथ भ्रमण करना प्रारम्भ करें। यदि बार-बार समझाइश के बावजूद कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन पाया जाता है तो कार्यवाही की जाए। शिक्षण संस्थाओं में कोविड संबंधी दिशानिर्देशों की पालना हो। साथ ही यह सुनिश्चित करवाते हुए देखें कि पूरा स्टॉफ वेक्सीनेटेड हो।
*प्रशासन गांव के संग शिविर में उपलब्ध हो मास्क*
मेहता ने कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों में भी पर्याप्त संख्या में मास्क उपलब्ध रहें। शिविरों में पहुंच रहे ग्रामीणों ने यदि मास्क नहीं लगा रखा हो तो उन्हें मास्क दिए जाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह राजपुरोहित, सीईओ जिला परिषद ओम प्रकाश, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) सवीना बिश्नोई, आईसीडीएस उपनिदेशक शारदा चैधरी, एसपी मेडीकल कॉलेज प्राचार्य डाॅ. मुकेश आर्य, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ परमेन्द्र सिरोही, सीएमएचओ डॉ ओ पी चाहर सहित संबंधित एरिया मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
-----
C P MEDIA
खबरों में बीकानेर
पढ़ते रहें, पढ़ाते रहें

Comments
Post a Comment
खबर आपकी नजर में... कमेंट करके बताएं