बीकानेर की बदहाल सफाई व्यवस्था और रोशनी के इंतजामों पर भाजपा नेता डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने लिखा महापौर को पत्र
औरों से हटकर सबसे मिलकर
Affiliate Disclaimer : "नोट: इस पोस्ट में कुछ एफिलिएट लिंक्स शामिल हैं। अगर आप इन पर क्लिक करके कुछ खरीदते हैं, तो मुझे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के छोटा सा कमीशन मिल सकता है।" - मोहन थानवी (खबरों में बीकानेर) औरों से हटकर सबसे मिलकर
https://bahubhashi.blogspot.com
https://bahubhashi.blogspot.com
बीकानेर की बदहाल सफाई व्यवस्था और रोशनी के इंतजामों पर भाजपा नेता डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने लिखा महापौर को पत्र
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, नगर निगम पार्षद एवं महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने बीकानेर शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण में अव्यवस्था, रोड लाइटों की अनुपलब्धता तथा दीपावली पर बाजारों की सजावट में कथित क्षेत्रीय भेदभाव को लेकर महापौर अनिल कल्ला को पत्र लिखा है.
डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने कहा कि बीकानेर नगर निगम की पहली साधारण सभा को 20 दिन बीत चुके हैं। इस सभा का प्रमुख एजेंडा दीपावली से पूर्व शहर की सफाई, सीवरेज और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करना था, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बावजूद धरातल पर कोई संतोषजनक सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण के लिए नियुक्त नई कंपनी अब तक आवश्यक संसाधन जुटाने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में विफल रही है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। अनेक वार्डों में कचरा संग्रहण वाहन नियमित नहीं पहुंच रहे हैं तथा ट्रैक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है
डॉ. सिंह ने महापौर को याद दिलाया कि उन्होंने दीपावली से पूर्व प्रत्येक वार्ड में 100 रोड लाइट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर निगम की बुनियादी जिम्मेदारी है।
डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने दीपावली पर बाजारों की सजावट में पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के बीच कथित भेदभाव पर कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बाजारों में सजावट करवाई गई, जबकि पूर्व विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की गई। यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है और नगर निगम की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
डॉ. सिंह ने कहा, “महापौर पूरे बीकानेर शहर के होते हैं, किसी एक विधानसभा क्षेत्र के नहीं। शहर के विकास, सफाई, रोशनी और सौंदर्यीकरण में क्षेत्रीय भेदभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। बीकानेर का प्रत्येक नागरिक समान सुविधाओं और सम्मान का अधिकारी है।”
डॉ. सुरेन्द्रसिंह ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल कमियां गिनाना नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार सुनिश्चित करवाना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास और विधायक सिद्धि कुमारी के नेतृत्व में हम सभी बीकानेर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा, “बीकानेर के विकास के प्रश्न पर हमारा दृष्टिकोण पूरी तरह सकारात्मक है। नगर निगम शहरहित में जो भी ठोस और जनहितकारी कदम उठाएगा, उसमें हमारा पूरा सहयोग रहेगा। लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और क्षेत्रीय भेदभाव पर चुप रहना भी संभव नहीं है।”
डॉ. सिंह ने महापौर अनिल कल्ला से आग्रह किया कि वे अपने प्रशासनिक कौशल और अधिकारों का उपयोग करते हुए शहर की सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था में तत्काल सुधार करवाएं। घर-घर कचरा संग्रहण नियमित हो, सभी वार्डों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों, रोड लाइटों के संबंध में किए गए आश्वासन पूरे किए जाएं तथा दीपावली की सजावट में पूर्व विधानसभा क्षेत्र के साथ हुए कथित भेदभाव को दूर किया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महापौर इस पत्र को सकारात्मक भावना से लेते हुए नगरहित में आवश्यक निर्णय करेंगे।



Comments
Post a Comment
खबर आपकी नजर में... कमेंट करके बताएं