Type Here to Get Search Results !

नया इतिहास लिखा : पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में पहली बार दशहरा उत्सव, भीड़ उमड़ी













**



**




*खबरों में बीकानेर*

नया इतिहास लिखा : पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में पहली बार दशहरा उत्सव, भीड़ उमड़ी

- मोहन थानवी 

बीकानेर, 24 अक्टूबर। 


बीकानेर में दशहरा महोत्सव आयोजन के शैशव काल से जुड़ी हुई शख्सियत का नाम है सुभाष भोला। सुभाष वह शख्सियत है जो 50-60 के दशक से बीकानेर दशहरा आयोजन के दृष्टा हैं और अपने पिताश्री एवं परिवार की मार्फत इससे जुड़े भी रहे हैं। उन्होंने ही 20 वर्ष पूर्व बीकानेर में दूसरे महत्वपूर्ण प्रमुख दशहरा महोत्सव की नींव डाली। 
आज से करीब दो दशक पूर्व तक बीकानेर के प्रमुख दशहरा उत्सव का आयोजन करणी सिंह स्टेडियम में होता रहा। यहां दशहरा उत्सव स्वतंत्रता प्राप्ति के तुरंत बाद से मनाया जाता रहा। और अब भी मनाया जाता है।

 लेकिन दो दशक पूर्व बीकानेर की आवश्यकताओं को देखते हुए सुभाष भोला और उनके सहयोगियों ने श्री राम लक्ष्मण दशहरा कमेटी का गठन किया और जन सहयोग व राज परिवार के सहयोग से मेडिकल कॉलेज मैदान में जिला प्रशासन की स्वीकृति से बीकानेर के लिए दूसरा प्रमुख दशहरा पर्व महोत्सव आयोजित किया जाने लगा। यह क्रम 20 वर्षों तक अनवरत चला।

 और मेडिकल कॉलेज मैदान का दशहरा महाउत्सव बीकानेर में ही नहीं वरन राजस्थान में भी ख्याति प्राप्त कहा जाने लगा। बीते वर्ष मेडिकल कॉलेज मैदान में पौधारोपण और अन्य विकास कार्यों के चलते कॉलेज प्रशासन ने दशहरा उत्सव अन्यत्र आयोजित किए जाने की अनिवार्यता पर बल दिया।


 जिसे सुभाष भोला और कमेटी के माननीय सदस्यों ने सहर्ष स्वीकारा और सहमति भी प्रकट की। उसके बाद शुरू हुआ सिलसिला एक और नए स्थान का चयन करने का। इस प्रयास को सुभाष भोला और उनके साथियों ने जिला प्रशासन के सहयोग से पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान की ओर तक ले जाकर पूरा किया।

 इस मैदान पर दशहरा उत्सव की स्वीकृति मिलने के बाद राम लक्ष्मण दशहरा कमेटी पूरी लगन के साथ यहां पहले दशहरा उत्सव को मनाने के लिए जुट गई। हालांकि समय सीमित रहा। स्वीकृति के बाद मात्र 50 से 60 दिन शेष रहे थे। लेकिन सीमित  अवधि में भी इस कमेटी ने एक बेहतरीन दशहरा उत्सव मना कर बीकानेर की शान बढ़ाने का काम किया है। 

श्री राम लक्ष्मण दशहरा कमेटी की ओर से मंगलवार को लगातार 20 वें वर्ष तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में पहली बार आयोजित दशहरा उत्सव में शहरी व ग्रामीण भीड़ उमड़ पड़ी । नायाब आतिशबाजी व गगन भेदी धमाकों के बीच लंका, रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया।


 पुतलों के दहन के समय मैदान जयश्रीराम के नारों से गूंज उठा।
संभागीय आयुक्त श्रीमती उर्मिला राजौरिया, जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल, 


पुलिस अधीक्षक श्रीमती तेजस्विनी गौतम, व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष जुगल राठी, उद्योगपति राकेश चावला व पंजाबी महासभा के संरक्षक डॉ.नरेश चुग व श्री राम लक्ष्मण दशहरा कमेटी के महासचिव सुभाष भोला,


 उपाध्यक्ष हंसराज डागा, श्रीराम अरोड़ा, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष हाजी मकसूद व महावीर रांका ने बुराई के प्रतीक पुतलों का दहन करवाया। दशहरा उत्सव में बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी भी कुछ देर अतिथि के रूप में शामिल हुई तथा सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दी।



झांकियां निकली- शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए डेढ़ दर्जन से अधिक सचेतन झांकियां निकाली गई। 



शेखर सोनी रावण के रूप् में मंच पर संवाद करते हुए लोगों का ध्यानाकर्षण कर रहे थे। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की आधुनिक रावण से बचने की झांकी, अधिकाधिक मतदान करने की झांकियांं के साथ,



 भगवानश्री गणेश, राम दरबार, भगवान विष्णु, देवी दुर्गा, लक्ष्मी, राम दरबार, महर्षि वाल्मीकि आश्रम, शिव पार्वती, मेघनाद, कुंभकरण, लव कुश, वनवासी राम, रामेश्वर पूजा,बाबा रामदेव आदि की झांकियां शामिल थीं। अनेक पात्रों में बालिकाओं व युवतियों ने मुख्य भूमिका निभाई।


 इसके अलावा नारद, घोड़ों पर राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुधन, ऊंटों पर राक्षस, चलते फिरते हनुमान, जोकर, राक्षस मुख्य आकर्षण थे। झांकी के पात्रों के साथ अनेक लोगों ने सेल्फी ली। झांकी में डीजे से रंग बिरंगी रोशनी दूर तक उत्सव का संदेश दे रही थीं। वहीं बैंड पार्टी भक्ति गीत की स्वर लहरियां बिखेर रहीं थी। 



झांकी प्रभारी अनिल दुल्यानी, मैदान प्रभारी हेमंत कुमार गोरवाणी व महादेव बालानी, झांकी संचालक राजेश मदान, रूप सज्जा करने वाले हीरा सोनी व जितेन्द्र वर्मा की विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रशंसा की।


 मैदान में शांति एवं व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुलिस के साथ कमेटी के कार्यकर्ता, एन.सी.सी. कैडेट की टीम तैनात थी। आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी ज्योति प्रकाश रंगा व डॉ.पुष्पा शर्मा ने दी। कमेटी के महासचिव सुभाष भोला, कोषाध्यक्ष गिरीश चन्द्र खत्री ने नगर विकास न्यास, नगर निगम, 


पुलिस व जिला प्रशासन, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सुथार, बीकानेर पूर्व राजपरिवार, मैदान व्यवस्था में सहयोगी रामेश्वर लाल खटोड तथा प्रिट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और आयोजन में परोक्ष अपरोक्ष सहयोग करने वालों का आभार जताया। 
 



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies