खबरों में बीकानेर...
✍🏻
👉
💘
📷
अभी पारा हाई, बाजारों में सन्नाटा
आगामी दिन : हवाओं में होगा बदलाव, दो–तीन दिनों में गर्मी होगी कुछ कम
जयपुर /बीकानेर /अइं
शनिवार। दुर्गा अष्टमी का दिन। तपती दोपहर। बीकानेर के प्रमुख बाजार कोटगेट और उससे जुड़े कुछ बाजारों में ना के बराबर आवाजाही। कारण भीषण गर्मी। सूरज की तीखी लग रही तेज किरणें। कुछ क्षण भी धूप में खड़ा रहना मुश्किल। ऐसे में लोग अति आवश्यक कार्य से ही आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में भी यातायात पुलिसकर्मी और गश्त लगाती पुलिस की जीप दिखाई दे ही जाती है। फुटपाथ पर, तो कहीं सड़क किनारे बिछी चादर पर सामान लगाए और गाड़ों पर फल सब्जी इत्यादि सामग्री विक्रय करते कर्मठ लोग भी मौजूद। लेकिन खरीददार नगण्य।
बीकानेर ही नहीं अपितु प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। इस बीच, राहत की खबर यह है कि हवाओं में बदलाव के चलते आने वाले दो–तीन दिनों में अधिकांश जिलों में गर्मी का असर कुछ कम हो जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 48 घंटे बाद राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक परिसंचरण तंत्र बनेगा, जिसके चलते पश्चिमी हवाओं का असर कम होगा और नार्थ–वेस्टर्न हवाएं चलेंगी। इन हवाओं से गर्मी का असर कम होगा। जबकि, 11 व 12 अप्रेल को बीकानेर और जोधपुर संभाग में 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
बहरहाल, गर्मी ने हाल–बेहाल कर रखा है। गर्म हवाओं के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी रहने से हीट स्ट्रोक की संभावना भी बढ़ गई है। अधिकतर जिलों में गर्मी का कर्फ्यू सा लग गया है। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई देने लगा है। बांसवाड़ा 45.2 डिग्री और पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर 45.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म चल रहा है। प्रदेश में 20 से ज्यादा जिलों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।







यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...