सच्चाई पढ़ें । सकारात्मक रहें । संभावनाएं तलाशें ।
खबरों में बीकानेर 🎤 🌐
✍️
सांस्कृतिक समृद्धि और संस्कार की भाषा है राजस्थानी - भाटी
रोटरी क्लब बीकानेर के दो दिवसीय राज्य स्तरीय राजस्थानी समारोह का आगाज
बीकानेर।
रोटरी क्लब बीकानेर के दो दिवसीय राज्य स्तरीय राजस्थानी समारोह का आगाज रोटरी सभागार में राजस्थानी वाद-विवाद प्रतियोगिता से हुआ। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में अपना उद्बोधन देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि राजस्थानी सिर्फ भाषा नहीं है, यह सांस्कृतिक समृद्धि और संस्कार की पर्याय है। यह हमारे व्यक्तित्व के तमाम संस्कार और रागात्मकता को अभिव्यक्त कर सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक वैभव को परिभाषित करती है। भाटी ने कहा कि मात्र भाषा में हमारी संपूर्ण चेतना विचार का एक अलग और व्यापक फलक तैयार करती है जो कालांतर में समग्र सामाजिक विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। राजस्थानी की मान्यता के संदर्भ में राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थानी के विकास हेतु नए पदों के सृजन और हिन्दी ग्रंथ अकादमी के प्रकाशनों में राजस्थानी की तमाम संभावनाओं पर विचार हेतु प्रयास करेंगे और राज्य सरकार केन्द्र सरकार से पुनः इसे संविधान की आठवीं अनुसूचि में शामिल करने हेतु प्रयासरत है।
अध्यक्ष के रूप में अपने संभाषण में कवि-कथाकार मालचंद तिवाड़ी ने कहा कि इस तरह के नई पीढी के राजस्थानी जुड़ाव से ही भाषा पूर्णतः भाषा और लोक जुड़ाव को अंगीकार करेगी। लोक मान्यता और जुड़ाव के कारण ही आज यह भाषा मान्यता प्राप्त भाषाओं के सामने अपनी साहित्यिक समृद्धता और सांस्कृतिक वैभव के साथ संवाद की स्थिति में है। पौधे की जड़ों को मजबूत करने के रूप में रोटरी के प्रयासों को रेखांकित करते हुए तिवाड़ी ने कहा कि इस तरह के गैर सरकारी प्रयास ही इस भाषा को आज सक्षमता से खड़े रखे हुए है। सांस्कृतिक विचलनों से बचाव में मात्र भाषा के महत्व को अनेक उद्धरणों से उन्होंने साझा किया।
समारोह के संयोजक रोटेरियन अरूण प्रकाश गुप्ता ने राजस्थानी समारोह की समस्त उपलब्धियां राजस्थानी समाज को समर्पित करते हुए कहा कि रोटरी सेवा का यह नवीन उपमान अब नए प्रतिमान कायम करने लगा है और यह सामाजिक जागृति के अभाव में कतई संभव नहीं है।
समारोह के संचालक पृथ्वीराज रतनू ने उच्च शिक्षा मंत्री महोदय का परिचय साझा करते हुए कॉलेज शिक्षा में राजस्थानी को प्राथमिकता का विषय विचारार्थ रखा। अतिथियों का स्वागत रोटेरियन मनमोहन कल्याणी, गोविन्द डागा, विजय कुमार हर्ष, प्रदीप गुप्ता, हरीश कोठारी, सुनील गुप्ता और अनिल माहेश्वरी ने किया। रोटरी बीकानेर के अध्यक्ष विकास केली ने सभी अतिथियों, संभागियों का आभार ज्ञापित किया।
इससे पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री ने राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, कलासर प्रकाशन, विकास प्रकाशन और गायत्री प्रकाशन के राजस्थानी प्रकाशनों की ‘पोथी प्रदर्शनी’ का उद्घाटन किया और अनौपचारिक संवाद में राजस्थानी पठन-पाठन का आह्वान किया।
‘अेकमुश्त चुनाव प्रणाली लोकतंत्र री जड़ां नै मजबूत करै’ विषयक राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता
दो दिवसीय राज्य स्तरीय राजस्थानी समारोह के प्रथम दिवस कॉलेज स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के 20 महाविद्यालयों के 40 प्रतिभागियों ने शिरकत की । बीकानेर के रामपुरिया विधि महाविद्यालय की वंदना सारस्वत विषय के पक्ष में और लोहिया महाविद्यालय, चूरू की सुमन पारीक प्रथम रही । प्रतियोगिता में जैन गर्ल्स पी जी कॉलेज की जया शर्मा और राजकीय महाविद्यालय नागौर के अरिहंत जैन द्वितीय तथा विधि महावि़द्यालय, बीकानेर की विद्या भाटी व कपिल शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार हेमेन्द्र पालडि़या, नागौर, पार्वती सुथार, कनक रतनू, बीकानेर, बाला स्वामी, चूरू और विकास वैष्णव, डीडवाना को प्रदान किया गया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के निर्णायक रवि पुरोहित, सुधा आचार्य और मुकेश व्यास रहे। निर्णायक प्रतिनिधि के रूप में निर्णय की आधार भूमि और प्रतियोगियों के कौशल पर रवि पुरोहित ने अपने विचार रखे ।
📒 📰 📑 पढ़ना और पढ़ाना जीवन सफल बनाना 📚 📖 📓






यहां व्यक्त कीजिए - खबर आपकी नजर में...